लंदन फोर्ट का नाम सोरगढ़ किला रखने की मांग
संवाद सहयोगी पिथौरागढ़ लंदन फोर्ट का नाम सोरगढ़ किला रखने व पिथौरागढ़ में विश्वविद्यालय ख
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: लंदन फोर्ट का नाम सोरगढ़ किला रखने व पिथौरागढ़ में विश्वविद्यालय खोलने की मांग मुखर हो गई है। रामलीला प्रबंधकारिणी समिति व व्यापार संघ ने इस संबंध में एक मांगपत्र प्रदेश सरकार को भेजा है।
गुरुवार को रामलीला प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह माहरा के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। इस दौरान शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी विजय कुमार जोगदंडे को प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम का एक ज्ञापन सौंपा। जिसमें उन्होंने कहा कि सोरघाटी में स्थित लंदन फोर्ट का निर्माण गोरखा शासकों ने किया था। अंग्रेजी शासकों ने बाद में इसका नाम लंदन फोर्ट रख दिया। यह एक प्रमुख ऐतिहासिक स्थल है। यहां के लोग इस किले का नाम सोरगढ़ रखने की मांग लंबे समय से कर रहे हैं। जनभावनाओं को देखते हुए इसका नाम सोरगढ़ किला रखा जाना चाहिए। साथ ही सीमांत जिले की भौगोलिक बनावट को देखते हुए पिथौरागढ़ में अविलंब विश्वविद्यालय की स्थापना करने की मांग रखी। शिष्टमंडल में व्यापार संघ अध्यक्ष शमशेर महर, गोविंद सिंह बिष्ट, राजेंद्र सिंह, शिवराज सिंह अधिकारी, नवीन चंद्र भट्ट, गिरीश पाठक, आशीष सौन, बलवंत महर, पंकज जुकरिया, मनीष चौधरी, मनोज जोशी आदि शामिल रहे।