काली नदी में उतराता मिला अज्ञात महिला का शव
भारत नेपाल के बीच सीमा रेखा बनाने वाली काली नदी में अज्ञात महिला का शव उतराता मिला।
झूलाघाट, जेएनएन : भारत नेपाल के बीच सीमा रेखा बनाने वाली काली नदी में अज्ञात महिला का शव उतराता मिला। ग्रामीणों ने शव को देखने पर इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को किनारे लाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
खर्कतड़ी के ग्रामीणों ने मंगलवार को एक महिला का शव नदी में देखा। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी तारा सिंह राणा पुलिस टीम लेकर मौके पर पहुंचे। घटनास्थल के नजदीक आस्था का प्रतीक तालेश्वर मंदिर होने के कारण शव को एक किलोमीटर नीचे लाया गया। जहां से ग्रामीणों की मदद से शव को किनारे पहुंचाया गया। थाना प्रभारी तारा सिंह राणा ने बताया कि महिला लगभग 35 वर्ष की है। शव काफी सड़ गल चुका है, जिसके चलते शिनाख्त नहीं हो सकी। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। महिला के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।