पांच वर्ष में भी नहीं बन सका बेरीनाग के पुरानाथल में पुल
बेरीनाग तहसील के पुरानाथल क्षेत्र में पांच वर्ष बाद भी रामगंगा नदी में पुल का निर्माण नहीं हो सका है।
संवाद सूत्र, बेरीनाग : तहसील के पुरानाथल क्षेत्र में पांच वर्ष बाद भी रामगंगा नदी में पुल का निर्माण नहीं हो सका है। इससे हजारों की आबादी को आवागमन में खासी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। क्षेत्र के लोगों ने शीघ्र पुल का निर्माण नहीं कराए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
रामगंगा नदी से सटे पुरानाथल क्षेत्र के लोग वर्षो से रामगंगा नदी में पुल बनाए जाने की मांग कर रहे हैं। पुल के अभाव में ग्रामीणों को रामगंगा नदी को तैरकर पार करना पड़ता है। ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए कांग्रेस शासनकाल में पुल निर्माण का कार्य शुरू हुआ था, लेकिन प्रदेश में सत्ता बदलते ही इसे रोक दिया गया। पुल का निर्माण नहीं होने से ग्रामीण खासे परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शीतकाल में नदी का जल स्तर कम होने पर तो लोग किसी तरह आवागमन कर लेते हैं। अप्रैल से नदी का जल स्तर बढ़ने पर ग्रामीणों के लिए खासी समस्या खड़ी हो जाती है। ग्रामीणों को गांव से आवागमन के लिए लंबा फेरा काटना पड़ता है।
शनिवार को क्षेत्र भ्रमण पर पहुंचे पूर्व विधायक नारायण राम आर्य को क्षेत्रवासियों ने इस समस्या से अवगत कराया। पूर्व विधायक ने कहा कि कांग्रेस ने क्षेत्रवासियों की समस्या को देखते हुए पुल की स्वीकृति दी थी, लेकिन भाजपा सरकार ने दुर्भावना के तहत इसका निर्माण कार्य रोक दिया। उन्होंने कहा कि सत्ता में आते ही कांग्रेस फिर से पुल का निर्माण शुरू कराएगी। इस अवसर पर दीपक नवेलिया, पूर्व प्रमुख रेखा भंडारी, हयात सिंह बाफिला, सोहन सिंह, जोगा राम, केसर सिंह, कुंदन सिंह आदि मौजूद रहे। वर्जन
पुरानाथल में पुल निर्माण के निर्देश 13 फरवरी को प्राप्त हुए हैं। इसके बाद पुल निर्माण के लिए भूमि की जांच कराई गई है। जांच रिपोर्ट मिलते ही पुल निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा।
-नवीन तिवारी, सहायक अभियंता, लोनिवि बेरीनाग