महिला से टकराया बोल्डर, खाई में गिरने से मौत
तहसील मुख्यालय के नजदीकी रांथी गांव में बोल्डर की चपेट में आने से खाई में जा गिरी जिससे महिला की मौत हो गई।
संवाद सूत्र, धारचूला: तहसील मुख्यालय के नजदीकी रांथी गांव में बोल्डर की चपेट में आने से खाई में गिरी एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। महिला गांव के समीप ही एक पहाड़ी पर घास काट रही थी।
रांथी गांव निवासी राधा देवी अपनी जेठानी नंदा देवी के साथ बुढ़काफल की पहाड़ी पर घास काट रही थी। सायं चार बजे घास काटने के दौरान अचानक पहाड़ी से बोल्डर गिरने लगे। बोल्डर की चपेट में आकर 37 वर्षीय राधा देवी गहरी खाई में जा गिरी। नंदा देवी ने गांव पहुंचकर लोगो को इसकी जानकारी दी। ग्रामीणों ने सायं सात बजे महिला को खाई से निकालकर धारचूला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इस घटना से गांव में शोक की लहर है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।