भाजपा प्रत्याशी चंद्रा पंत करोड़पति तो धन सिंह लखपति
मंगलवार को नामांकन कराने वाले भाजपा प्रत्याशियों में पिथौरागढ़ की प्रत्याशी चंद्रा पंत करोड़पति हैं तो धारचूला प्रत्याशी लखपति है।
जासं, पिथौरागढ़: मंगलवार को नामांकन कराने वाले भाजपा प्रत्याशियों में पिथौरागढ़ की प्रत्याशी चंद्रा पंत करोड़पति हैं तो धारचूला के प्रत्याशी धन सिंह धामी लखपति हैं। चंद्रा पंत पर कोई देनदारी नहीं है तो धन सिंह पर 15 लाख की देनदारी है। धन सिंह के पास कोई विरासत में संपत्ति नहीं है, चंद्रा पंत के पास देहरादून में विरासत में मिला मकान है।
पिथौरागढ़ की भाजपा प्रत्याशी चंद्रा पंत करोड़पति हैं। उनके पास एक टाटा सफारी वाहन है। इसके अलावा उनके पास 20 तोला सोना है। जिसका मूल्य 12 लाख है। बीते नवंबर माह में साढ़े बाइस लाख में क्रय की गई टाटा सफारी कार है। 20053774 रुपये कुल मूल्य की सकल संपत्ति है।
चंद्रा पंत के पास दो भवन देहरादून में और एक भवन हल्द्वानी में है। देहरादून का एक भवन विरासत में मिला है। जिनका अनुमानित वर्तमान मूल्य दो करोड़ है। उनकी आय का मुख्य स्त्रोत पेंशन और विधायक का निर्धारित वेतन है। एसबीआइ देहरादून, एचडीएफसी बैंक देहरादून, पीएनबी देहरादून और जिला सहकारी बैंक पिथौरागढ़ के खातों में धनराशि जमा है।
धारचूला के प्रत्याशी धन सिंह धामी और उनकी पत्नी के पास साढ़े तीन लाख की धनराशि है। चल और अचल संपत्ति में भूमि व मकान है, जिसका अनुमानित वर्तमान बाजार कीमत 63,54, 500 रुपये है। वह आयकरदाता है और आजीविका का स्त्रोत ठेकेदारी है। धन सिंह के पास वर्ष 2010 में पांच लाख में क्रय किया गया वाहन है। उन पर 15 लाख की जिला सहकारी समिति, जिला सहकारी बैंक व एक अन्य बैंक की देनदारी है। गैर कृषि भूमि एक नाली एक मुट्ठी है। छह कमरों का एक आवासीय मकान है। पति और पत्नी के पास पांच तोला सोना है। उन पर कोई आपराधिक मुकदमा नहीं है।