पिथौरागढ़ की चार सड़कों के लिए 6.20 करोड़ की धनराशि मंजूर
संवाद सहयोगी पिथौरागढ़ प्रदेश सरकार ने पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र की चार महत्वपूर्ण सड़को
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़ : प्रदेश सरकार ने पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र की चार महत्वपूर्ण सड़कों के सुधारीकरण और डामरीकरण कार्य के लिए 6.20 करोड़ की धनराशि स्वीकृत कर दी है। दिवंगत वित्त मंत्री प्रकाश पंत ने अपने कार्यकाल में इन कार्यो को स्वीकृति दी थी।
पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चंडाक से धारी तक दो किलोमीटर लंबी सड़के पहले चरण का काम पूरा हो चुका है, दूसरे चरण में सुधारीकरण का कार्य कराया जाना है। इसके लिए शासन ने 1.13 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। सिल्पाटा से पुनेड़ी तक बने मार्ग की खराब हालत को देखते हुए इसके सुधारीकरण का निर्णय लिया गया है। इस कार्य पर 89.93 लाख की धनराशि खर्च की जाएगी। सिंतोली से भुरमुनी तक मोटर मार्ग सुधारीकरण कार्य को भी शासन ने स्वीकृत कर दिया है। इसके लिए 1.37 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। लोधियागैर सड़क पर डामरीकरण की क्षेत्रवासियों की मुराद भी अब पूरी हो गई है। सड़क पर डामर बिछाने के लिए 2.79 करोड़ की स्वीकृति शासन से मिली है।
शासन में संयुक्त सचिव एसएस टोलिया की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि इन कार्यो के लिए प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति एक साथ दी गई है। सड़कों के सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए स्वीकृति मिल जाने से क्षेत्र के लोग गदगद हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता भूपेश पंत ने कहा है कि जल्द ही सड़कों के कार्य शुरू हो जाएंगे।