42 गर्भवती व आठ सामान्य महिलाओं के किए गए अल्ट्रासाउंड
संवाद सूत्र गंगोलीहाट स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगे साप्ताहिक अल्ट्रासाउंड शिविर में 42
संवाद सूत्र, गंगोलीहाट: स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगे साप्ताहिक अल्ट्रासाउंड शिविर में 42 गर्भवती व 8 सामान्य महिलाओं के अल्ट्रासाउंड किए गए। शिविर में गणाई गंगोली, बेरीनाग, चौड़मन्या आदि दूरदराज के क्षेत्रों से महिलाएं पहुंची थीं।
सीएचसी में प्रत्येक रविवार को डॉ. सौरव गहरवार द्वारा मरीजों का अल्ट्रासाउंड किया जाता है। रविवार को उन्होंने 50 महिलाओं के अल्ट्रासाउंड किए। अल्ट्रासाउंड के लिए महिलाओं सुबह ही अस्पताल पहुंच गई थीं। बता दें कि सीएचसी में वर्ष 2004 में लगाई गई अल्ट्रासाउंड मशीन रेडियोलॉजिस्ट के न होने से धूल फांक रही थी। क्षेत्र के मरीजों खासकर गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड कराने के लिए पिथौरागढ़ के चक्कर काटने पड़ रहे थे। मरीजों की परेशानी को देखते हुए क्षेत्र में संयुक्त मजिस्ट्रेट पद पर तैनात आईएएस डॉ. सौरव गहरवार जो कि एक एमबीबीएस अधिकारी भी हैं, उनके द्वारा शासन से अनुमति लेकर सीएचसी में प्रत्येक रविवार को मरीजों का निस्वार्थ भाव से अल्ट्रासाउंड किया जा रहा है। डॉ. गहरवार द्वारा अल्ट्रासाउंड मशीन का संचालन करने से गर्भवती महिलाओं को खासी राहत मिल रही है। बेरीनाग से पहुंची पूनम मेहरा, चौड़मन्या की चंपा देवी, गणाई गंगोली की रू पा देवी व अंजू देवी ने कहा कि क्षेत्र में पहली बार इस तरह का कोई अधिकारी आया है, जो प्रशासनिक सेवा के साथ ही मरीजों की सेवा में भी लगा हुआ है। डॉ. गहरवार के रहते मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए पिथौरागढ़ व अन्य शहरों का चक्कर नहीं लगाना पड़ रहा है। यदि डॉ. गहरवार को स्थानांतरण हुआ तो यह स्थानीय मरीजों के साथ घोर अन्याय होगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप