व्यापारियों और सहायकों के 165 ट्रेड पास जारी
संवाद सूत्र धारचूला भारत चीन व्यापार 2019 के लिए अब तक व्यापारियों और सहायकों के 165 ट्रेड
संवाद सूत्र , धारचूला: भारत चीन व्यापार 2019 के लिए अब तक व्यापारियों और सहायकों के 165 ट्रेड पास जारी हो चुके हैं। व्यापार संचालन के लिए एसडीएम धारचूला ट्रेड अधिकारी और पेशकार खीमानंद भट्ट को सहायक ट्रेड अधिकारी बनाया गया है। दस हजार फीट ऊंचाई पर स्थित भारतीय गुंजी में स्टेट बैंक शाखा और पुलिस थाना खुल चुका है। कस्टम चौकी खोलने को कस्टम कर्मी भी रवाना हो चुके हैं।
एक जून से सर्वाधिक ऊंचाई वाले दर्रे लीपूलेख से होने वाले भारत चीन सीमांत स्थलीय व्यापार की गतिविधियां शासन, प्रशासन स्तर से तेज हो गई हैं। भारतीय मंडी गुंजी में व्यापार अवधि के लिए स्टेट बैंक की शाखा खुल चुकी है। व्यापारी इस शाखा से मुद्रा विनिमय करेंगे। गुंजी में थाना खुल चुका है। पुलिस टीम पहुंच चुकी है। एसबीआइ शाखा और पुलिस थाना व्यापार अवधि तक रहेंगे। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार कस्टम कर्मियों का दल गुंजी को रवाना हो चुका है। मंगलवार की सायं तक कस्टम कर्मी गुंजी पहुंच जाएंगे। कस्टम चौकी खुलते ही भारतीय व्यापारी व्यापारिक वस्तुओं को लेकर चीनी मंडी तकलाकोट को रवाना हो सकेंगे।
धारचूला स्थित ट्रेड कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार अभी तक 53 व्यापारियों और 112 सहायकों को कुल 165 ट्रेड पास जारी हो चुके हैं। कार्यालय से लगातार ट्रेड पास जारी हो रहे हैं। दूसरी तरफ भारतीय व्यापारी अपना सामान भारतीय मंडी गुंजी तक पहुंचा चुके हैं। धारचूला से लगातार सामान गुंजी तक पहुंचाया जा रहा है। भारतीय व्यापारियों का दल भारतीय मंडी गुंजी में व्यापार पर जाने को तैयार है। ============ लिपू पास में बर्फ ने रोकी है राह भारत चीन व्यापार में जाने को भारतीय मंडी गुंजी में तैयार व्यापारियों के कदम लिपू पास में जमी बर्फ ने रोके हैं। लिपू पास में बर्फ जमा होने से व्यापारियों के पहले दल के चीनी मंडी तकलाकोट जाने में तीन चार दिन का समय लग सकता है। लीपू दर्रे में अभी बर्फ होने से व्यापारियों को सामान ले जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। जिसके चलते व्यापारी बर्फ पिघलने का इंतजार कर रहे हैं।