मार्निग वॉक को निकले, थाने जाना पड़ा
पिथौरागढ़ जिले के ऑरेंज जोन में आ जाने के बाद मार्निग और इवनिंग वॉक पर निकले लोगों को जाना पड़ा थाने।
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: जिले के ऑरेंज जोन में आ जाने के बाद मार्निग और इवनिंग वॉक पर प्रतिबंध लगा दिया है, इसके बावजूद सैर के लिए लोगों का हुजूम उमड़ रहा है। सोमवार को मार्निग वॉक पर निकले 12 लोगों को पुलिस ने थाने पहुंचा दिया। उनके खिलाफ लॉकडाउन के उल्लंघन पर मुकदमा दर्ज किया गया।
जिला मुख्यालय में मॉर्निग और इवनिंग वॉक के लिए लोग चंडाक और भाटकोट रोड पर निकलते हैं। भाटकोट रोड पर प्रशासनिक अधिकारियों के आवास हैं। इसके चलते मार्निग और इवनिंग करने वालों का पूरा दबाव चंडाक रोड पर हो गया है। लोगों के हुजूम इस क्षेत्र में उमड़ रहे हैं। ग्रीन जोन में होने के कारण पुलिस ने इस मामले में ढील दी हुई थी। जिले के ऑरेंज जोन में आ जाने के बाद प्रशासन ने मार्निग और इवनिंग वॉक में प्रतिबंध लगा दिया है। बावजूद इसके सोमवार को बड़ी संख्या में लोग मॉर्निग वॉक के लिए चंडाक रोड में पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। करीब डेढ़ दर्जन लोगों को पुलिस वाहनों में बैठाकर थाने ले आई। प्रतिबंध के बावजूद वॉक के लिए निकलने का कारण पूछने पर इन लोगों ने बताया कि उन्हें वॉकिंग पर प्रतिबंध लग जाने की जानकारी नहीं थी। कोतवाल ओपी शर्मा ने बताया कि सभी लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद उन्हें हिदायत दी गई है।