महिला अस्पताल में 110 गर्भवती महिलाओं के हुए अल्ट्रासाउंड
संवाद सहयोगी पिथौरागढ़ जिला महिला चिकित्सालय में बुधवार को लगे साप्ताहिक अल्ट्रासाउंड शिविर म
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: जिला महिला चिकित्सालय में बुधवार को लगे साप्ताहिक अल्ट्रासाउंड शिविर में 110 गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड किए गए। अल्ट्रासाउंड कराने के लिए स्थानीय महिलाओं के साथ ही डीडीहाट, धारचूला, मुनस्यारी, गंगोलीहाट आदि दूरदराज के क्षेत्रों से महिलाएं पहुंचीं थी।
महिला चिकित्सालय में विगत दो वर्षों से अधिक समय से रेडियोलॉजिस्ट का पद रिक्त चल रहा है। जिस कारण अल्ट्रासाउंड मशीन के संचालन के लिए चंपावत जिले से रेडियोलॉजिस्ट की अस्थाई व्यवस्था की गई है। जिनके द्वारा सप्ताह में एक दिन बुधवार को पिथौरागढ़ महिला चिकित्सालय में अपनी सेवाएं दी जाती हैं। बुधवार को रेडियोलॉजिस्ट डॉ. एलएम रखोलिया सुबह ही महिला अस्पताल पहुंच गए। अल्ट्रासाउंड कराने के लिए महिलाएं भी अस्पताल खुलने से पहले पहुंच गई। सुबह दस बजे तक 110 पर्चियां जमा हो गई थी। इसके बाद डॉ. रखोलिया द्वारा सभी महिलाओं के बारी-बारी से अल्ट्रासाउंड किए गए। शिविर को सफल बनाने में चिकित्सालय के ललित शाह, गोदावरी नगरकोटी, हेमलता बिष्ट आदि ने सहयोग प्रदान किया।