विजिलेंस ने राजस्व उपनिरीक्षक को रिश्वत लेते दबोचा
कीर्तिनगर तहसील के अंतर्गत ललथपाटौं क्षेत्र के राजस्व उपनिरीक्षक (पटवारी) को विजिलेंस ने 13 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
श्रीनगर गढ़वाल, [जेएनएन]: कीर्तिनगर तहसील के अंतर्गत ललथपाटौं क्षेत्र के राजस्व उपनिरीक्षक (पटवारी) को विजिलेंस ने 13 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। ट्रैप की सूचना पर प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया और जानकारी मिलते ही एसडीएम कीर्तिनगर नुपुर वर्मा भी मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने पूरे प्रकरण से डीएम टिहरी को अवगत कराया। इसके बाद विजिलेंस की टीम आरोपित राजस्व उपनिरीक्षक को लेकर देहरादून रवाना हो गई।
विजिलेंस के अनुसार, टिहरी के रहने वाले जितेंद्र सिंह ने लिखित शिकायत की कि उनका अपने पड़ोसी उदय सिंह असवाल से लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा है। मामले में उदय की ओर से उसके भाइयों के खिलाफ घर पर पथराव करने, कार से कुचलने और जानमाल की धमकी दिए जाने का प्रार्थना पत्र एसडीएम कीर्तिनगर को दिया गया है।
एसडीएम की ओर से इस प्रकरण की जांच राजस्व उपनिरीक्षक नारायण दत्त जोशी को सौंपी गई थी। प्रार्थना पत्र की जांच के दौरान नारायण दत्त जोशी ने बताया कि अब तक की जांच में उसका भी नाम आ रहा है। उसने कहा कि आरोपितों में से उसका और लल्लू का नाम हटा देगा, लेकिन इसके लिए उसे रुपये खर्च करने पड़ेंगे। इसके लिए नारायण ने 15 हजार रुपये की डिमांड की।
मगर 13 हजार रुपये पर काम करने को तैयार हो गया और पैसे लेकर राजस्व पुलिस चौकी पर बुलाया। मगर शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी विजिलेंस को भी दे दी। जिसके बाद जैसे ही चौकी पर रिश्वत लेने लगा, वहां पहले से मौजूद विजिलेंस की टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया।
विजिलेंस के मुताबिक, नारायण दत्त जोशी मूलरूप से ग्राम देवथला पोस्ट, रुद्रपुर, विकासनगर का रहने वाला है। नारायण का संगम विहार भूजावाला, विकासनगर में भी घर है। आरोपित के खिलाफ विजिलेंस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।
संपत्तियों की भी होगी जांच
रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार राजस्व उपनिरीक्षक नारायण दत्त जोशी की संपत्तियों की भी विजिलेंस जांच करेगी। यदि अर्जित संपत्तियां आय से अधिक पाई गईं तो उसके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का भी मामला दर्ज हो सकता है। फिलहाल विजिलेंस उसकी संपत्तियों के बारे में ब्योरा जुटा रही है।
यह भी पढ़ें: भारतीय उच्चायुक्त कार्यालय का रसोईया देता था आइएसआइ को जानकारी, उठा ले गई पुलिस
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड से दिल्ली शिफ्ट होगा ओएनजीसी का 8000 करोड़ का आयकर
यह भी पढ़ें: आयकर विभाग ने सीज किया श्रीनगर मेडिकल कॉलेज का खाता