185 छात्र-छात्राओं को दी छात्रवृत्ति
जीआइसी कालेश्वर में दिल्ली की संस्था एन इनीशिएटिव टच योर सोल की ओर से कार्यक्रम आयोजित कर छात्रवृत्ति वितरित की गई। इसमें क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से 185 मेधावी व निर्धन छात्र-छात्राओं को शामिल किया गया।
जागरण संवाददाता, पौड़ी: जीआइसी कालेश्वर में दिल्ली की संस्था एन इनीशिएटिव टच योर सोल की ओर से कार्यक्रम आयोजित कर छात्रवृत्ति वितरित की गई। इसमें क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से 185 मेधावी व निर्धन छात्र-छात्राओं को शामिल किया गया। इस दौरान यहां मेडिकल कैंप भी लगा, जिसमें दो सौ से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में संस्था की संयोजक मधु चौधरी व सरिता हांडा ने संस्था के उददेश्यों व जनहित से जुड़े कार्यों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अनुशासन प्रिय बनाकर शिक्षा ग्रहण करने का आह्वान भी किया। कहा कि आगे बढ़ने के लिए मेहनत बहुत जरुरी है। इस दौरान संस्था की ओर से जीआइसी कालेश्वर व जीआइसी दौंडल को कंप्यूटर भी दिए गए। मेडिकल कैंप में कालेश्वर के अलावा बणगांव, मंजेली, नगोली, खपरोली, अठूल, खोन, धनाऊ आदि गांवों से आए ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। इस मौके पर मधु चौधरी, विद्यालय के प्रधानाचार्य दुर्गा प्रसाद जोशी, हरेंद्र सिंह चौहान, अवतार सिंह गुंसाई, सुदर्शन सिंह, सुबोध कुकरेती, मनोज ध्यानी आदि शामिल थे।