मुख्यमंत्री व महाराज की प्रतिष्ठा दांव पर
संवाद सूत्र, सतपुली: नयारघाटी की नवसृजित सतपुली नगर पंचायत अध्यक्ष की सीट मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र राव
संवाद सूत्र, सतपुली: नयारघाटी की नवसृजित सतपुली नगर पंचायत अध्यक्ष की सीट मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत के साथ ही कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की प्रतिष्ठा का सवाल बन गई है।
नगर पंचायत के लिए पहली बार हो रहे चुनाव में भाजपा ने अध्यक्ष पद पर भाजपा नेता वेदप्रकाश वर्मा 'झबरा भाई' की पत्नी अंजना वर्मा को मैदान में उतारा है। पिछले चार दशक से भाजपा के लिए समर्पित झबरा भाई को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र ¨सह रावत के साथ ही क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज का वरदहस्त प्राप्त है। सीएम के गृहक्षेत्र की इस सीट को लेकर पार्टी आलाकमान भी खासा सक्रिय है। सीएम जहां स्वयं फोन पर कार्यकर्ताओं से संपर्क बनाए हुए हैं, वहीं काबीना मंत्री महाराज की पूरी टीम एक माह से सतपुली में डेरा डालकर मतदाताओं को साधने में लगी है। सतपुली में बागी जगदंबा डंगवाल भाजपा को बेचैन किए हुए हैं। ढाई दशक से भाजपा के स्तंभ रहे जगदंबा डंगवाल टिकट न मिलने से खफा होकर पार्टी को बाय-बाय कर उक्रांद के बैनर तले अपनी पत्नी मीनू डंगवाल के साथ मैदान में खड़े हैं। भाजपा की एक लॉबी भी खुलकर डंगवाल के साथ है, जिस कारण पार्टी के लिए सतपुली नगर पंचायत में बगावत को साधना बड़ी चुनौती है।
अपने घर की सीट पर मुख्यमंत्री की भाभी कांति रावत भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में ताल ठोक रही हैं। माना जा रहा है कि सगी भाभी के भाजपा के खिलाफ जाने से सीएम भी स्वयं को असहज महसूस कर रहे हैं। बहरहाल, नतीजे जिसके भी पक्ष में हों, लेकिन 2706 वोटर वाली छोटी सी नगर पंचायत में सीएम सहित दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है।