त्योहार पर कोरोना का साया, उत्साह में नहीं कोई कमी
रक्षाबंधन पर भाई की कलाई पर बहनें प्रेम और विश्वास का प्रतीक रक्षा सूत्र बांधेगी।
जागरण टीम गढ़वाल :
रक्षाबंधन पर भाई की कलाई पर बहनें प्रेम और विश्वास का प्रतीक रक्षा सूत्र बांधेगी। सोमवार को रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा। इस बार त्योहार पर कोरोना संक्रमण का साया भी नजर आया। पूजन सामग्री, राखी और मिष्ठान की खरीदारी करने के लिए पूर्व की भांति बाजारों में ग्राहकों की भीड़ नदारद रही। रविवार को काफी कम संख्या में लोग ने बाजारों की ओर रुख किया। दोपहर तक दुकानों में ग्राहकों की संख्या सामान्य नजर आई। हालांकि, शाम के समय बाजारों में थोड़ी चहल-पहल बढ़ी। मास्क व शारीरिक दूरी का पालन करते हुए लोग खरीदारी करते नजर आए। वहीं, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापारी भी सैनिटाइजेशन का पूरा ख्याल रख रहे हैं।
कोटद्वार : इस बार कोरोना के कारण भले ही घर से लेकर बाजार तक की परिस्थितियां बदली हुई है। लेकिन, पवित्र त्योहार को लेकर भाई-बहनों के उत्साह में किसी तरह की कमी नहीं है। व्यापारियों की माने तो इस बार बहनें अपने भाईयों को ऑनलाइन राखी भेजना ज्यादा पसंद कर रही हैं। इससे कम समय में ही भाई के पते पर राखी पहुंच रही है। राखी विक्रेता अंकिता अग्रवाल व विजेंद्र प्रसाद ने बताया कि यह पहली बार है जब रक्षा बंधन पर बाजार में रौनक नजर नहीं आ रही। इस मर्तबा ऑनलाइन राखियों की बिक्री अधिक रही। दुर्गापुरी निवासी रितु ने बताया कि दो दिन पूर्व उन्होंने राखी की ऑनलाइन बुकिग करवाई व रविवार को उनके भाई को रखी मिल गई है। लालपानी निवासी रेखा देवी ने बताया कि उनका भाई चंडीगढ़ में रहता है। भाई राखी के मौके पर उनके ससुराल आने की बात कह रहा था, लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते उन्होंने भाई को आने से मना कर दिया। फिर उन्होंने ऑनलाइन वेबसाइट से राखी अपने भाई के पते पर भेजी।
नई टिहरी : रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में महिला कांग्रेस की ओर से रविवार को न्यू टिहरी प्रेस क्लब में रक्षाबंधन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, जिलाध्यक्ष राकेश राणा सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं को राखी बांधी और मिष्ठान वितरण किया। महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष दर्शनी रावत ने कहा कि कोरोना के चलते लंबे समय से लोग आपस में मिल नहीं पाए थे। इसलिए रक्षाबंधन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट रिश्ते व प्रेम का पर्व है। कार्यक्रम की सराहना करते महिला कांग्रेस को भी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी। जिलाध्यक्ष राकेश राणा ने पुरानी टिहरी की सांस्कृतिक धरोहर को नई टिहरी में संजोए रखने पर जोर दिया। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष शांति प्रसाद भट्ट, शहर अध्यक्ष देवेंद्र नौडियाल, मुशर्रफ अली, पंकज रतूड़ी, कुलदीप पंवार, राजेंद्र डोभाल, ममता उनियाल, मीना भट्ट, लक्ष्मी रावत आदि मौजूद थे।
गोपेश्वर : रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर नगर पंचायत नंदप्रयाग की ओर से आयोजित की गई स्वनिर्मित राखी प्रतियोगिता की विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इसके माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए भी प्रेरित किया गया। प्रतियोगिता में प्राची रावत ने पहला, कुसुम राय ने दूसरा व जौमा देवी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
नगर पंचायत अध्यक्षा डॉ. हिमानी वैष्णव ने बताया कि उन्होंने 15 दिन पूर्व से ही महिलाओं, युवतियों को आमंत्रित किया कि जो भी महिला या छात्रा सबसे अच्छी बनाएगी उसे पुरस्कृत किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में एक हजार से अधिक महिलाओं, युवतियों, छात्राओं ने स्वनिर्मित राखी नगर पंचायत को भेजी। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान के लिए यह नगर पंचायत नंदप्रयाग की सुंदर पहल है। थराली विधायक मुन्नी देवी शाह, सहकारी बैंक के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत ने भी महिलाओं की इस पहल की सराहना की। इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री सरला खंडूरी, घाट की प्रमुख भागीरथी फरस्वाण, जिला पंचायत सदस्य नंदिता रावत, टीका प्रसाद मैखुरी, कर्नल हरेंद्र सिंह रावत समेत कई लोग मौजूद थे।
रुद्रप्रयाग : रक्षाबंधन को लेकर रविवार को जिला मुख्यालय सहित आसपास के कस्बों के छोटे बाजारों में काफी समय बाद चहल पहल रही। गांव से लेकर शहर तक लोगों ने रक्षाबंधन के लिए राखी के साथ ही मिठाई की खरीदारी की। इसके अलावा भाईयों ने अपनी बहन के लिए रक्षाबंधन के लिए गिफ्ट भी खरीदे।
वहीं गुरुरामराय पब्लिक स्कूल तिलणी में ऑनलाइन राखी मेकिग प्रतियोगिता में बच्चों ने बढ़ चढ़कर प्रतिभाग किया। राखियां बनाकर उन्हें ऑनलाइन प्रदर्शित किया गया। स्कूल के प्रधानाचार्य दिनेश नेगी ने बताया कि घर में बच्चों ने रुचि दिखाते हुए ऑनलाइन प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। कक्षा पांचवीं से लेकर इंटर तक के छात्र-छात्राओं ने राखियां बनाई। उन्होंने छात्रों व अभिभावकों की रुचि की सराहना की। प्रधानाचार्य ने बताया कि प्रतियोगिता का परिणाम स्कूल खुलने पर घोषित किया जाएगा।