मानदेय वृद्धि न होने पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री खफा, दिया धरना
मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने जिलाधाकारी परिरसर के बाहर नारेबाजी कर सांकेतिक रूप से धरना दिया। कार्यकत्रियों का कहना था कि वो लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग कर रही हैं।
जागरण टीम, गढ़वाल: मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने पूरे गढ़वाल क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की और सांकेतिक धरना दिया। इस दौरान उन्होंने न केवल अपनी समस्याएं रखी, बल्कि अपनी मांगों को भी पुरजोर तरीके से उठाया।
पौड़ी में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने जिलाधिकारी कार्यालय परिसर के बाहर धरना दिया। संगठन की ब्लॉक अध्यक्ष अर्चना रमोला ने कहा कि विभाग की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मोबाइल फोन दिए गए हैं। जिस पर उन्हें विभागीय कार्यो की जानकारी भेजने के निर्देश मिले हैं, लेकिन कई क्षेत्रों में नेट की समस्या रहती है। साथ ही कुछ आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां इतनी जानकार नहीं हैं कि वह मोबाइल का प्रयोग सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए कर सकें। इसे लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र भी भेजा। धरना देने वालों में मीनाक्षी रावत, परमेश्वरी देवी, कवोत्री देवी, कुसुमलता आदि शामिल थे।
चंबा में आंगनबाड़ी कायकत्रियां भारी संख्या में ब्लॉक मुख्यालय पहुंची और दो घंटे धरना दिया। धरना देने वालों में संगठन की उपाध्यक्ष रजनी रावत, बीना तड़ियाल, दिलमा देवी, शांति रमोला, शकुंतला बिष्ट, सुनीता भट्ट आदि मौजूद थे। वहीं कीर्तिनगर में भी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने धरना दिया। धरना देने वालों में सोना देवी, पुष्पा देवी, समा पंवार, कांता देवी, मीना देवी आदि शामिल रही।
इसके अलावा भटवाड़ी खंड विकास अधिकारी कार्यालय के बाहर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही अपनी विभिन्न मांगें भी रखीं। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने खंड विकास अधिकारी भटवाड़ी अजय सिंह चौहान के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेजा। इस मौके पर विजयलक्ष्मी, राज्यश्री रतूड़ी, संगीता सेमवाल, सुमित्रा, संपत्ति त्रिपाठी, सुनीता रतूड़ी आदि शामिल रहे। उधर पुरोला और मोरी ब्लॉक में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने विभिन्न मांगों के समाधान के लिए मुख्य बाजार, कुमोला रोड, बस स्टैंड से लेकर तहसील परिसर तक जुलूस प्रदर्शन किया। कायकत्रियों ने पुरोला तहसीलदार जेएस नेगी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। इस दौरान सीमा सोनी, जमुना देवी, संगीता देवी, मीना देवी, किरण देवी, सुनीता देवी, सुचिता, दीपिका, सुभद्रा, विमला देवी, गंगोत्री देवी, दर्शनी देवी आदि शामिल रही।
जखोली ब्लॉक की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तहसील प्रांगण में एकत्रित हुई, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि यदि शीघ्र मांगों पर कोई निष्कर्ष नहीं निकलता है, तो उन्हें फिर से आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। बैठक में जिलाध्यक्ष सुनीता बत्र्वाल, ब्लॉक अध्यक्ष सुमित्रा रावत, प्रदेश महामंत्री सुमति थपियाल समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।