व्यायामशाला खुली, पहले दिन पसरा रहा सन्नाटा
कोरोना वायरस संक्रमण के चलते बंद की गई व्यायामशालाएं बुधवार से खोल दी गई हैं।
जागरण संवाददाता, कोटद्वार: कोरोना वायरस संक्रमण के चलते बंद की गई व्यायामशालाएं बुधवार से खोल दी गई हैं। केंद्र और राज्य सरकार की ओर से जारी जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार संचालकों ने व्यायामशाला में रखे उपकरणों को सैनिटाइज किया। साथ ही शारीरिक दूरी के नियम का पालन किया गया। हालांकि ज्यादातर व्यायामशालाओं में पहले दिन काफी कम संख्या में लोग व्यायाम करने के लिए पहुंचे।
कोटद्वार व नगर निगम व ग्रामीण क्षेत्र में 16 व्यायामशाला हैं। जिनमें से अधिकतर बुधवार को खोल दिए गए हैं। व्यायामशाला संचालक अनलॉक के द्वितीय चरण से ही व्यायामशाला में शारीरिक दूरी के अनुपालन करने संबंधी नियमों का अनुपालन करवाने के लिए उपकरणों को व्यवस्थित करने में जुटे थे। व्यायामशाला के प्रवेश द्वार पर हाथों को सैनिटाइज करने की व्यवस्था की गई। व्यायामशाला के भीतर मौजूद उपकरणों के मध्य भी दी मीटर की दूरी रखी गई है। जिम में उन्हीं सदस्यों को प्रवेश दिया जा रहा है, जो मास्क पहन कर पहुंच रहे हैं।
देवी रोड में सिताबपुर स्थित फिटनेस मॉडल जिम (व्यायामशाला) के स्वामी मनोज सुंद्रयाल ने बताया कि पूर्व में एक बैच में तीस से चालीस सदस्य व्यायाम करते थे, लेकिन नई गाइड लाइन के बाद अब एक बैच में दस सदस्यों को ही व्यायामशाला में प्रवेश दिया जाएगा। प्रत्येक बैच की अवधि एक घंटे की रखी गई है व उसके प्रत्येक बैच समाप्त होने के बाद उपकरणों पर सैनिटाइजर का छिड़काव किया जाएगा। बताया कि पहले दिन व्यायामशाला में दो-तीन सदस्य ही व्यायाम करने पहुंचे।