पुरानी पेंशन बहाली को सरकार पर बरसे कर्मचारी
जागरण संवाददाता पौड़ी मंडल मुख्यालय पौड़ी में रविवार को राज्य के विभिन्न जनपदों से आए कर्म
जागरण संवाददाता, पौड़ी: मंडल मुख्यालय पौड़ी में रविवार को राज्य के विभिन्न जनपदों से आए कर्मचारियों का हुजूम उमड़ गया। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी बस स्टेशन पर एकत्रित हुए और जुलूस के साथ धारा रोड होते रामलीला मैदान पहुंचे। इस दौरान कर्मचारी केंद्र व राज्य सरकार पर जमकर बरसे।
राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चे के बैनर तले कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर बस स्टेशन पर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में रामलीला मैदान में आयोजित गढ़देश पुरानी पेंशन बहाली सम्मेलन को संबोधित करते संयुक्त मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीपी सिंह रावत ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की मांग आधी जीती जा चुकी है आधी अभी बाकी है। उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों में पुरानी पेंशन की मांग को लेकर कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा कर्मी भले ही हम पर लाठी बरसाएं, लेकिन यह मांग उनके लिए भी हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष रावत ने कहा कि एक दिन इस मुहिम का हिस्सा देश का जवान भी बनेगा तो किसान भी। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार ने मांग न मानी तो एक बार फिर इसी देवभूमि से पुरानी पेंशन बहाली की मांग आंदोलन के रुप में सामने आएगा। राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र दुबे ने कहा कि देश में पुरानी पेंशन बहाली की लड़ाई शुरु हो चुकी है। अब सभी को इस संघर्ष के लिए आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को केंद्र व राज्य सरकारों के दबाव में नहीं आना चाहिए। संयुक्त मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष अनिल बडोनी व प्रदेश महासचिव सीताराम पोखरियाल ने कहा कि राज्य में पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अब बिगुल बज चुका है। आगे सभी के साथ बैठक आयोजित कर व्यापक स्तर पर आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। इससे पूर्व सम्मेलन में पहुंचने पर मंडलीय कार्यकारिणी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष, महासचिव के अलावा प्रांतीय पदाधिकारियों को फूल मालाओं और ढ़ोल दमाऊं की थाप पर स्वागत किया गया। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष डीसी पसबोला, योगिता पंत, मंडलीय अध्यक्ष जयदीप रावत, संयोजक जसपाल रावत, मेहरबान सिंह भंडारी, सचिव भवान सिंह नेगी, दीपक नेगी, प्रदीप रावत, राजकीय शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल किशोर डिमरी, पूरन फस्र्वाण, अनीता रावत, कमलेश मिश्रा, संजय नेगी, शंकर भट्ट, अंकुश नौटियाल आदि शामिल थे।