रांसी स्टेडियम बंद किए जाने पर भड़की एनएसयूआइ
मंडल मुख्यालय में स्थित रांसी स्टेडियम को खेल गतिविधियों के लिए बंद किए जाने पर एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है।
संवाद सहयोगी, पौड़ी: मंडल मुख्यालय में स्थित रांसी स्टेडियम को खेल गतिविधियों के लिए बंद किए जाने पर एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। कार्यकर्ताओं ने इस संबंध में जिलाधिकारी से शिकायत की है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि स्टेडियम के गेट पर क्रीड़ाधिकारी की ओर से नोटिस चस्पा किया गया है। लेकिन इस नोटिस पर न तो किसी अधिकारी है हस्ताक्षर है और न ही मोहर लगी है।
बुधवार को एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सचिव मोहित सिंह के नेतृत्व में जिलाधिकारी से वार्ता की। मोहित सिंह ने कहा कि रांसी स्टेडियम को खेलकूद व शारीरिक गतिविधियों के लिए बंद कर दिया गया है। जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को खासी परेशानी हो रही है। मोहित सिंह ने कहा कि यहां क्रिकेट के लिए टफ विकेट का निर्माण किया गया है। तब से यहां खास लोगों को ही खेलने दिया जा रहा है। स्टेडियम में खेलने के लिए पास मांगा जा रहा है। जिससे यह पूर्ण रूप से वीआइपी प्रतीत हो रहा है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि खेल विभाग का यह रवैया स्थानीय खिलाड़ियों के साथ उचित नहीं है। उन्होंने स्टेडियम को पूर्व की भांति खोले जाने की मांग की है। इस संबंध में जिलाधिकारी धीराज सिंह गब्र्याल को ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन सौंपने वालों में दीपक नौटियाल, अंकित सुंद्रियाल, अमन नेगी, आकाश रावत व आशीष नेगी आदि शामिल थे।