पौड़ी ब्लॉक में 13 ग्राम प्रधानों ने ली शपथ
विकासखंड पौड़ी में मात्र 13 ग्राम प्रधानों और 43 ग्राम पंचायत सदस्यों ने शपथ ली। विकासखंड की 49 ग्राम पंचायतों में कोरम पूरा न होने से प्रधान शपथ नहीं ले पाए हैं। वहीं एक ग्राम पंचायत में प्रधान पद पर चुनाव ही नहीं हुआ था।
संवाद सहयोगी, पौड़ी: विकासखंड पौड़ी में मात्र 13 ग्राम प्रधानों और 43 ग्राम पंचायत सदस्यों ने शपथ ली। विकासखंड की 49 ग्राम पंचायतों में कोरम पूरा न होने से प्रधान शपथ नहीं ले पाए हैं। वहीं एक ग्राम पंचायत में प्रधान पद पर चुनाव ही नहीं हुआ था।
विकासखंड पौड़ी की 63 ग्राम पंचायतों में से केवल 13 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों ने ही शपथ ली है। सहायक विकासखंड अधिकारी शशि रावत ने नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों और सदस्यों को शपथ दिलाई। ग्राम पंचायत ढांडरी में प्रत्याशी न मिलने के कारण यहां प्रधान पद पर चुनाव नहीं हुआ था। शेष 49 ग्राम पंचायतों में कोरम पूरा न होने के कारण प्रधान शपथ नहीं ले पाए। हालांकि बुधवार को शपथ ग्रहण की सूचना पर विकासखंड के लगभग सभी ग्राम पंचायतों से प्रधान विकासखंड मुख्यालय पहुंचे थे। लेकिन, जिन ग्राम पंचायतों मे कोरम पूरा नहीं था, उन ग्राम पंचायतों के प्रधानों को बैरंग वापस लौटना पड़ा। विकासखंड की 62 ग्राम पंचायतों में से 11 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ था। जिनमें से तीन ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों ने बुधवार को शपथ ली। सहायक विकासखंड अधिकारी शशि रावत ने बताया कि जिन ग्राम पंचायतों में कोरम पूरा है, लेकिन कुछ सदस्य शपथ लेने नहीं आ पाएं है, उनको ग्राम पंचायत की पहली बैठक के दौरान शपथ दिलाई जाएगी।