सेल्फी के चक्कर में युवक की गई जान, सेल्फी से मौत के मामले में भारत दुनियाभर में है नंबर वन
बागेश्वर के चंडिका मंदिर के पास सेल्फी लेने के चक्कर में नेपाली युवक के सिर में चोट लगने से मौत हो गई। भारत सेल्फी से होने वाली मौत के मामले में विश्व में पहले स्थान पर है।
बागेश्वर, जेएनएन : सेल्फी का क्रेज दिनों दिन बढ़ता ही जा रहा है। अब लोग सिर्फ सामान्य रूप से सेल्फी नहीं ले रहे, बल्कि रोमांच और बैकग्राउंड में विशेष करने की कोशिश में रहते हैं। यही रोमांच और दुस्साहस का काॅकटेल उनकी जान ले रहा है। यह दुर्भाग्य की ही बात है कि भारत सेल्फी से होने वाली मौत के मामले में विश्व में पहले स्थान पर है। ऐसे ही बागेश्वर में शुक्रवार को एक युवक की जान चली गई।
बागेश्वर जिला मुख्यायल से लगे चंडिका मंदिर के पास सेल्फी लेने के चक्कर में नेपाली युवक के सिर में चोट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। सुबह करीब 9 बजे छैयबन पुत्र सरजैन बहादुर निवासी कालीगोठ, नेपाल उम्र 18 वर्ष, हाल निवासी मेहनरबूंगा चंडिका के पास घूमने गया हुआ था। वहीं पास पर बाइक साइड स्टैंड कर किसी की मोटरसाइकिल खड़ी हुई थी। उसने मोटरसाइकिल के साथ सेल्फी खींचने की कोशिश की। जैसे ही वह बाइक के सहारे सेल्फी लेने लगा तो अचानक बाइक का स्टैंड हट गया। और वह बाइक समेत तीन मीटर नीचे खाई में गिर गया। घटना में उसके सिर पर चोट आई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आम लोगों के साथ मिलकर घायल युवक को जिला अस्पताल ले आई, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की दो माह पहले ही हुई थी शादी
परिजनों ने बताया कि मृतक मेहनरबूंगा में रह रहा था। दो माह पहले ही उसकी शादी हुई थी। अब वह काम के सिलसिले में यहां आया हुआ था। यहां नेपाल के कई लोग काम करते है। उसके नेपाल के कालीगोठ गांव में परिजनों को सूचना दे दी है। कोतवाल मदन लाल ने कहा कि शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही हैं।
विश्व भर में सेल्फी से सर्वाधिक मौत भारत में
अमरीकी नेशनल लेबोरेटरी ऑफ मेडिसिन की स्टडी में यह बात सामने आई कि पूरी दुनिया में भारत में सेल्फी से सर्वाधिक मौतें होती हैं। 2011 से 2017 के बीच जहां पूरे विश्व में 259 मौतें हुईं हैं, इनमें से 159 सिर्फ भारत से हैं।
पड़ोसी देश पाकिस्तान में 11 की हुई मौत
रिपोर्ट के अनुसार भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान, रूस, अमेरिका इस सूची में काफी नीचे हैं। पाकिस्तान में 11, वहीं अमेरिका में 14 और रूस में सेल्फी से कुल 16 मौतें हुईं हैं। कुल मिलाकर इन तीनों देशों में भारत से आधी मौतें इस जुनून में हुईं।
सेल्फी के दौरान मौत का कारण
दरअसल, भारत में अन्य देशों के मुकाबले सेल्फी को लेकर क्रेज अधिक है। यह भी देखा गया है कि सेल्फी अधिकतर युवा वर्ग की ही पसंद है और भारत सर्वाधिक युवा देश है। यहां की सबसे अधिक जनसंख्या 30 वर्ष या इससे कम आयु की है। इसके अलावा हम भारतीय नियमों को धता बताने में अग्रणी हैं। मसलन, रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के साथ, ऊंची प्रतिबंधित जगह, बांध आदि से, पहाड़ पर एडवेंचर वाले स्थान पर या फिर जानवरों के साथ सेल्फी लेते समय अधिकतर हादसे होते हैं। इसलिए भारतीय रोमांच के चक्कर में सर्वाधिक जान गंवा रहे हैं।
पर्यटन विभाग ने एहतियातन दिए हैं निर्देश
भारत में पर्यटन केंद्रों पर सेल्फी से बचाव के लिए सूचना बोर्ड लगाए जा रहे हैं। इसमें पर्यटकों से अनुरोध किया गया है कि वे सेल्फी के समय अपनी व साथ के लोगों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। वाहन चलाते समय, प्रतिबंधित जगहों पर सेल्फी से मना किया है।
यह भी पढ़ें : भारतीयों को बर्बाद कर रहे हैं नेपाल के कैसिनो, देश की सुरक्षा भी पड़ रही खतरे में