महिला को बंधक बनाकर तीन दिन तक पीटा, बयान तक दर्ज करने नहीं पहुंची पुलिस
हैड़ाखान के स्यौड़ा गांव में महिला को बंधक बनाकर मारपीट करने के मामले में बेटे ने आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्व पुलिस को लिखित तहरीर देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। बेस में भर्ती मां के बयान दर्ज करने तक को कोई नहीं पहुंचा।
हल्द्वानी, जेएनएन : नैनीताल जिले में हैड़ाखान के स्यौड़ा गांव में महिला को बंधक बनाकर मारपीट करने के मामले में बेटे ने आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्व पुलिस को लिखित तहरीर देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। बेस में भर्ती मां के बयान दर्ज करने तक को कोई नहीं पहुंचा। जबकि उनकी तबीयत लगातार बिगड़ रही है।
स्यौड़ा गांव निवासी देवकी देवी के परिवार का पड़ोसियों से पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा है। देवकी का बेटा मुकेश दस नवंबर की सुबह ड्यूटी करने को घर से हल्द्वानी को निकल आया। जिस वजह से महिला घर में अकेली थी। आरोप है कि इस बीच पड़ोस में रहने वाले एक परिवार के छह लोग घर में घुस गए। और देवकी से मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने देवकी को बंधक बना लिया।
करीब दो घंटे तक सभी महिला को प्रताडि़त करते रहे। इस बीच महिला के जेठ के पहुंचने पर पड़ोसी का परिवार फरार हो गया। बेटे मुकेश का कहना है कि पिटाई के बाद मां देवकी को कीटनाशक भी पिलाया गया। जैसे-तैसे 108 की मदद से बेस अस्पताल लाया गया। जहां उपचार जारी है। मुकेश का कहना है कि 11 नवंबर को राजस्व पुलिस को नामजद शिकायत सौंपी गई। उसके बावजूद एक्शन नहीं हुआ।
इंदिरानगर में भिड़े दो युवक
बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के इंदिरानगर में गुरुवार रात दो युवक आपस में भिड़ पड़े। विवाद की वजह बाइक से ओवरटेक करना था। हंगामे के बीच साजिद व रियाज पक्ष के काफी लोग भी जुट गए। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। हालांकि, मामले में कोई तहरीर नहीं आई।