मायके में रह रही महिला ने पति पर दूसरी महिला के साथ शादी करने का आरोप लगाया
मायके में रह रही महिला ने अपने पति पर दूसरी महिला के साथ शादी करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर कोतवाली पहुंची पीडि़ता ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बाजपुर (ऊधमसिंह नगर) जेएनएन : मायके में रह रही महिला ने अपने पति पर दूसरी महिला के साथ शादी करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर कोतवाली पहुंची पीडि़ता ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपित पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सीमा पुत्री गजराम सिंह निवासी ग्राम फैजुल्लागंज ठाकुरद्वारा मुरादाबाद (उप्र) मायके वालों के साथ कोतवाली पहुंची और तहरीर देकर कहा कि 14 वर्ष पूर्व उसका विवाह ग्राम चकरपुर बाजपुर निवासी अरङ्क्षवद पुत्र रामऔतार के साथ हुआ था। कुछ साल तक सब कुछ ठीक-ठाक रहा लेकिन उसके बाद में उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। जिसके चलते लगभग दो वर्ष पूर्व वह मायके चली गई। कुछ दिन पश्चात पति अरविंद उसके मायके पहुंचा और किराए पर कमरा लेकर दे दिया। वह खुद पहाड़ पर काम करने चला गया, जहां से वह 10-15 दिन में उससे व बच्चों से मिलने आता रहा।
महिला ने आरोप भी लगाया है कि लगभग एक वर्ष से पति ने बच्चों से मिलने के लिए आना-जाना बंद कर दिया। इस कारण उसने किसी तरह मजदूरी कर बच्चों का पालन-पोषण किया। इसी बीच उसे पता चला कि उसके पति ने किसी अन्य महिला से विवाह कर लिया है। रविवार की देर रात करीब आठ बजे जब वह ससुराल चकरपुर पहुंची तो पति, जेठ, सास आदि ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। इधर खबर लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हुआ था, अलबत्ता पुलिस ने आरोपित पति को पूछताछ के लिए कोतवाली में बैठा लिया है।
पति ने भी पत्नी पर लगाए आरोप, दी तहरीर
सीमा के पति अरविंद कुमार की तरफ से भी कोतवाली में तहरीर दी गई है। जिसमें कहा गया है कि पंचायत के समक्ष सीमा से 26 अगस्त 2017 को संबंध विच्छेद हो गए थे। जिसके चलते तीनों बच्चों (दो बेटे व एक बेटी) को लेकर सीमा मायके चली गई। कुछ समय बाद ही उसे पता चला कि सीमा ने किसी अन्य व्यक्ति से दूसरा विवाह कर लिया है। उस व्यक्ति से सीमा की एक पुत्री भी है। इस पर अरविंद ने भी 19 अगस्त 2019 को गुड्डी नामक युवती से विवाह कर लिया। आरोप है कि 24 अगस्त की सायं करीब छह बजे सीमा जबरन घर में घुस आई और गालीगलौज करते हुए जेल भिजवाने की धमकी देने लगी। तहरीर में मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।
यह भी पढ़ें : सिर्फ कानून बना, नहीं बदल रहे लोग : छह माह में गर्भवती को तीन तलाक कहकर पति ने छोड़ा
यह भी पढ़ें : पाकिस्तान से चले नगर कीर्तन में शामिल होकर जेवर उड़ा रही थीं महिलाएं, तीन गिरफ्तार