कॉर्बेट पार्क में वन्यजीव संरक्षण सप्ताह का आगाज, आयोजित हुई साइकिल रैली प्रतियोगिता
वन्य जीवों की सुरक्षा व संरक्षण के संकल्प के साथ वन्य प्राणी सप्ताह का आगाज हो गया। पहले दिन संकल्प बैनर पर हस्ताक्षर कर लोगों ने वन्य जीवों के संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धिता जताई। वहीं ढेला गांव तक साइकिल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
रामनगर, जेएनएन : वन्य जीवों की सुरक्षा व संरक्षण के संकल्प के साथ वन्य प्राणी सप्ताह का आगाज हो गया। पहले दिन संकल्प बैनर पर हस्ताक्षर कर लोगों ने वन्य जीवों के संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धिता जताई। वहीं ढेला गांव तक साइकिल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। जिसमें रोहित नेगी प्रथम, अमन खान द्वितीय व राज बिष्ट तृतीय रहे।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में हर साल लोगों में वन्य जीवों व पर्यावरण संरक्षण के प्रति भावना जागृत करने के लिए वन्य प्राणी सप्ताह मनाया जाता है। गुरुवार को सीटीआर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने वन्य प्राणी सप्ताह के महत्व की जानकारी दी। इसके बाद जनप्रतिनिधि, अधिकारियों व लोगों ने बैनर पर हस्ताक्षर करके वन्य जीवों के संरक्षण का संकल्प लिया। हस्ताक्षर कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक दीवान सिंह बिष्ट के प्रतिनिधि मदन जोशी व पालिकाध्यक्ष मो.अकरम ने संयुक्त रूप से किया।
इसके बाद सीटीआर परिसर से 12 किलोमीटर ढेला गांव तक साइकिल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कॉर्बेट फाउंडेशन की एंबुलेंस मेडिकल टीम के साथ प्रतियोगिता के दौरान मौजूद रही। हरी झंडी दिखाकर साइकिल प्रतियोगिता का शुभारंभ पार्क वार्डन आरके तिवारी ने किया। आयोजन मंडल के सदस्य संजय छिम्वाल ने बताया कि शुक्रवार को ढिकुली गांव के आसपास लोगों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बिजरानी रेंजर राजकुमार, गणेश रावत, मितेश्वर आनंद, तेजेश्वर घुघत्याल, रवि, हरीशकर, मनीष कुमार मौजूद रहे।
कलेंडर में समेटी सारी जानकारी
वन्य प्राणी सप्ताह के दौरान सीटीआर प्रशासन ने एक कलेंडर भी जारी किया। जिसमें पशु पक्षी, पर्यावरण, वन से संबंधित होने वाले जागरूकता दिवस के अलावा बच्चों के लिए वन में रहने वाले व अन्य जीवों के बारे में भी रोचक व महत्वपूण्र जानकारी दी गई है। इसका विमोचन भी गुरुवार को कार्यक्रम के दौरान किया गया।