रामनगर में लाया जाएगा सफेद बाघ, पर्यटन मंत्री सतपाल महराज ने मध्यप्रदेश के सीएम को लिखा पत्र
सतपाल महाराज ने रामनगर में कहा कि कई पर्यटकों को बाघ नहीं दिख पाता है। वह मायूस होकर लौट जाते हैं। इसलिए उन्होंने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि उनके यहां कई सफेद बाघ है। एक सफेद बाघ उन्हें भी उपलब्ध करा दें।
जागरण संवाददाता, रामनगर (नैनीताल) : पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा है कि रामनगर पर्यटन का बहुत बड़ा केंद्र है। यहां कार्बेट पार्क या बाहरी क्षेत्र में मध्यप्रदेश से सफेद बाघ लाया जाएगा। बुधवार को सांवल्दे गांव पहुंचे महाराज ने कहा कि रामनगर बाघों की राजधानी है। कई पर्यटकों को बाघ नहीं दिख पाता है। वह मायूस होकर लौट जाते हैं। इसलिए उन्होंने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि उनके यहां कई सफेद बाघ है। एक सफेद बाघ उन्हें भी उपलब्ध करा दिया जाए। यदि कार्बेट या रामनगर क्षेत्र में सफेद बाघ होगा तो पर्यटकों को उसे दिखाने की गारंटी सुनिश्चित हो जाएगी। इसके लिए जल्द ही अगले चरण की कार्यवाही शुरू करेंगे।
कार्बेट में चलाएंगे इलेक्ट्रिक वाहन
पर्यटन मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में इलेक्ट्रिक वाहन भी लाए जा रहे हैं। कार्बेट पार्क व आसपास के पर्यटन स्थल में इलेक्ट्रिक वाहन चलाया जाएगा। इससे पर्यटक शांतिपूर्वक वन्यजीवों को देख पाएंगे। इसमें बहुत कम ईधन खर्च होता है। इससे प्रदूषण भी नहीं होता है। जंगल में वन्यजीव भी उत्तेजित नहीं होते हैं। इसलिए धीरे-धीरे इलेक्ट्रिक वाहन यहां चलाया जाना चाहिए। वीरचंद्र गढ़वाली योजना के अंतर्गत इलेक्ट्रिक वाहन लोग ले सकते हैं। उन्होंने पूर्व सीएम एनडी तिवारी के विकास कार्यों को भी याद किया। कहा कि पूर्व सीएम तिवारी का नाम विकास कार्य के लिए स्वर्णाक्षरों में लिखा जाएगा।
यह भी पढ़ेंं : कॉर्बेट नेशनल पार्क के हाथियों को ठंड से बचाने के लिए बदली गई डाइट, गर्म तासीर की दी जा रहीं चीजें