उत्तराखण्ड चुनाव 2022 : कांग्रेस में बगावत लालकुआं से निर्दलीय लड़ेंगे पूर्व कैबिनेट मंत्री दुर्गापाल
Uttarakhand Vidhan Sabha Chunav 2022 पूर्व कैबिनेट मंत्री दुर्गापाल ने कहा की उन्होंने हमेशा कांग्रेस के लिए काम किया है। लेकिन कांग्रेस ने उनके साथ अन्याय किया है। कहा कि समर्थकों की राय सर्वोपरि है। अगर जनता चाहती है तो वह निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे।
संवाद सहयोगी, लालकुआं : कांग्रेस से संध्या डालाकोटी को प्रत्याशी घोषित करते ही लालकुआं विधानसभा में हलचल मच गई। मंगलवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल के आवास पर आयोजित महापंचायत में समर्थकों ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देकर दुर्गापाल को निर्दलीय चुनाव लड़ाने का एलान कर दिया।
सोमवार को कांग्रेस ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी को लालकुआं विधानसभा का प्रत्याशी घोषित किया था। जिससे पूर्व कैबिनेट मंत्री दुर्गापाल व कांग्रेस नेता हरेंद्र बोरा के समर्थकों में आक्रोश फैल गया। टिकट वितरण से नाराज कार्यकर्ता व समर्थक मंगलवार को हरीश चंद्र दुर्गापाल के हल्दुचौड़ स्थित आवास पर पहुंच गए। जिन्होंने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दुर्गापाल से निर्दलीय चुनाव लडऩे का निवेदन किया। तीन घंटे तक चली महापंचायत में चोरगालिया, गौलापार, बरेली रोड, लालकुआं व बिदुखत्ता के समर्थकों ने दुर्गापाल को समर्थन देते हुए कांग्रेस से इस्तीफा देने का एलान किया। जिसके बाद समर्थकों को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री दुर्गापाल ने कहा की उन्होंने हमेशा कांग्रेस के लिए काम किया है। लेकिन कांग्रेस ने उनके साथ अन्याय किया है। कहा कि समर्थकों की राय सर्वोपरि है। अगर जनता चाहती है तो वह निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। इस दौरान वह कई बार भावुक भी हुए।