Uttarakhand Election 2022 : राहुल और प्रियंका गांधी गायब, भाजपा से पीएम मोदी के बाद अमित शाह मैदान में आए
Uttarakhand Vidhan Sabha Chunav 2022 उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान तेज हो गया है। भाजपा से पीएम मोदी के बाद अब गृहमंत्री अमित शाह भी मैदान में कूद पड़े हैं। लेकिन कांग्रेस से इस माह अभी तक राहुल गांधी न ही प्रियंका गांधी पहुंच सकी हैं।
नैनीताल, जागरण संवाददाता : उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। आज नामांकन का आखिरी दिन है, ऐसे में प्रत्याशी अब कल से मैदान में नजर आएंगे। स्टार प्रचारकों की फौज भी उतारी जाएगी। इसी माह कुमाऊं-गढ़वाल मंडल में पीएम मोदी की दो जनसभा के बाद आज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान तेज करने गढ़वाल पहुंचे हैं।
गृहमंत्री रुद्रप्रयाग में जनसंपर्क कर प्रचार अभियान शुरू कर रहे हैं। जबकि कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व से अब तक सिर्फ राहुल गांधी की रैली हुई है। वह भी पिछले महीने देहरादून में। तब राहुल गांधी ने विजय रैली का शुभारंभ किया था। तब से प्रदेश के ही वरिष्ठ नेता प्रचार अभियान में जुटे हुए हैं। पूर्व सीएम और चुनाव प्रचार अभयान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत विधानसभावार वर्चुअल रैलिया कर रहे हैं।
चुनावी समर में पार्टियों ने ताकत झोंकनी शुरू कर दी है। लेकिन कांग्रेस इसमें भाजपा से पीछे नजर आ रही है। अमित शाह गढ़वाल में जनसंपर्क कर रहे हैं। जबकि कांग्रेस से कोई राष्ट्रीय नेता अभी तक प्रचार के लिए नहीं पहुंचा है, न ही पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों की अभी तक कोई सूची जारी की है। कांग्रेस नेता राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी चुनाव प्रचार के लिए आठ जनवरी को अल्मोड़ा और श्रीनगर आने वाली थीं।
हालांकि तक कोविड के कारण उनका कार्यक्रम स्थगित हो गया था। तब से अब तक कांग्रेस के किसी राष्ट्रीय नेता का कार्यक्रम अभी नहीं बन सका। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अपना पूरा समय यूपी विधानसभा चुनाव को दे रहे हैं। पूर्व सीएम और चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष हरीश रावत वर्चुअल विधानसभाओं को संबोधित कर रहे हैं।