अमर जवान ज्योति को लेकर कुमाऊं में भी कांग्रेस ने बोला हमला, कहा-इतिहास बदलने की कोशिश कर रही सरकार
राष्ट्रीय सचिव ओला ने कहा कि 16 दिसंबर 2021 को विजय दिवस के सरकारी कार्यक्रम में 1971 के भारत-पाक युद्ध के ऐतिहासिक विजय के वक्त भारत का नेतृत्व करने वाली इंदिरा गांधी का नाम भी हटा दिया गया। इसी मुद्दे को लेकर जनता के पास जा रहे है।

जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा : महिला कांंग्रेस की राष्ट्रीय सचिव व उत्तराखंड मीडिया कार्डिनेटर आकांशा ओला ने कहा कि भाजपा इतिहास बदलने की कोशिश कर रही है। 50 साल से लगातार जल रही अमर जवान ज्योति को हटाकर वार मेमोरियल ले जाया जा रहा है। जो पूरे देश के लोगों व वीर जवानों का अपमान है।
शनिवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ वह जन-जन तक जा रहे है। उन्होंने कहा कि षडयंत्र के तहत इतिहास के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। शहीदों के बलिदान और शौर्य के प्रतीकात्मक स्थान को बदला जा रहा है। अनवरत जलने वाली अमर जवान ज्योति की लौ को बुझा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वीर जवानों के शौर्य, बलिदान व देश के धरोहरों को खत्म करने की क्रोनोलाजी समझनी होगी। पहले जालियावाला बाग में लेजर शो करवाकर वहां सैकड़ों शहीदों का अपमान किया गया। फिर महात्मा गांधी के देश के प्रति त्याग व समर्पण को कम करके दिखाने के लिए अहमदाबाद के गांधी आश्रम जैसी पुरानी धरोहर को भी बदलने का प्रयास किया जा रहा है।
राष्ट्रीय सचिव ओला ने कहा कि 16 दिसंबर 2021 को विजय दिवस के सरकारी कार्यक्रम में 1971 के भारत-पाक युद्ध के ऐतिहासिक विजय के वक्त भारत का नेतृत्व करने वाली इंदिरा गांधी का नाम भी हटा दिया गया। इसी मुद्दे को लेकर जनता के पास जा रहे है। चुनाव पर उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों की लिस्ट का इंतजार है। स्थानीय मुद्दों पर चुनाव लड़ेंगे। इस अवसर पर पूरन ङ्क्षसह रौतेला, तारा चन्द्र जोशी, पारितोष जोशी, रमेश मेलकानी, दीपांशु पांडे मौजूद थे।
इस मामले में राहुल गांधी की ट्वीट के बाद से पूरे देश में कांग्रेस के पदाधिकारी भाजपा सरकार पर हमला बोल रहे हैं। वहीं भाजपा का कहना है कि इससे सेना का सम्मान बढ़ेगा। इसके अलावा स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाषचंद्र बोष की आदमकद मूर्ति भी स्थापित होगी, जिससे आजादी के आंदोलन में उनके अमूल्य योगदान को आगामी पीढ़ी याद रखेगी। पूर्ववर्ती सरकारों ने आजादी के दीवानों को भुला दिया था। भाजपा उन्हें दोबारा सम्मान दे रही है।
Edited By Prashant Mishra