नैनीताल पालिकाध्यक्ष से शौचालय शुल्क वसूलने पर बखेड़ा, सैलानी भी होते हैं मनमानी के शिकार
शहर के कई सार्वजनिक शौचालय संचालक पर्यटकों तथा स्थानीय लोगों से नियम विरुद्ध वशुल्क वसूल रहे हैं। ताजा मामला सोमवार का है। यहां मल्लीताल रिक्शा स्टैंड स्थित शौचालय में जब पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी लघुशंका के लिए गए तो वहां तैनात कर्मचारी उनसे शुल्क वसूलने की जिद पर अड़ गया।
जागरण संवाददाता, नैनीताल : शहर के कई सार्वजनिक शौचालय संचालक पर्यटकों तथा स्थानीय लोगों से नियम विरुद्ध वशुल्क वसूल रहे हैं। ताजा मामला सोमवार का है। यहां मल्लीताल रिक्शा स्टैंड स्थित शौचालय में जब पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी लघुशंका के लिए गए तो वहां तैनात कर्मचारी उनसे शुल्क वसूलने की जिद पर अड़ गया। इस पर कुछ देर तक वहां बखेड़ा खड़ा हो गया।
पालिका सूत्रों के मुताबिक शहर में कुल 24 सार्वजनिक शौचालय हैं। इन शौचालयों में लघुशंका के लिए कोई शुल्क लेने का प्रावधान नहीं है मगर कई शौचालयों में उनके संचालकों द्वारा मानकों को ताक में रख जबरन प्रति व्यक्ति पांच रुपये शुल्क वसूला जाता है। पांच रुपये छोटी राशि होने के कारण अक्सर पर्यटक और स्थानीय लोग इसे लेकर आपत्ति नहीं जताते। इसी कारण अवैध वसूली चलती रही।
इधर सोमवार को पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी मल्लीताल रिक्शा स्टैंड क्षेत्र स्थित सार्वजनिक शौचालय गए तो वहां के संचालक द्वारा पालिकाध्यक्ष नेगी से ही लघुशंका का शुल्क देने को कहा गया। पहले तो पालिकाध्यक्ष के कुछ समझ में नहीं आया, इसके बाद उन्होंने शुल्क वसूली को गलत बताया तो वहां का कर्मचारी शुल्क वसूली की जिद पर अड़ गया।
यह देख पालिकाध्यक्ष ने मौके से ही पालिका अधिकारियों को फोन पर उक्त कर्मचारी को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। इधर सफाई निरीक्षक कुलदीप कुमार ने बताया कि शौचालयों में लघुशंका शुल्क लेने का कोई प्रावधान नहीं है। शुल्क वसूली की शिकायत मिली है, संचालक के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी।