ऊधमसिंह नगर में प्रतिबंधित रिवाल्वर व 12 बोर अवैध तमंचे के साथ दो दबोचे
आरोपितों ने अपने नाम वीरेंद्र प्रताप सिंह पुत्र विनय पाल सिंह निवासी फिरोजपुर थाना पुलभट्टा अवधेश कुमार सिंह पुत्र स्वयंपाल सिंह निवासी फिरोजपुर थाना पुलभट्टा बताया है। पुलिस ने विरेंद्र प्रताप सिंह के पास से रिवाल्वर अवधेश कुमार के पास से पोनिया व एक कारतूस बरामद कर लिया।
जागरण संवाददाता, किच्छा : पुलभट्टा पुलिस ने फिरोजपुर गांव में दो संदिग्धों को दबोच लिया। उनके पास से पुलिस ने एक प्रतिबंधित 38 बोर के रिवाल्वर व एक 12 बोर की पोनिया व 13 कारतूस बरामद कर लिए। दोनों आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसएसपी दलीप सिंह कुंवर के निर्देश पर थानाध्यक्ष पुलभट्टा विनोद जोशी की अगुवाई में बरा चौकी प्रभारी दिनेश चंद्र भट्ट, का. मनमोहन सिंह, इंद्रप्रकाश के साथ सोमवार देर रात गश्त पर थे। जब वह बरा चौकी अंतर्गत आने वाले गांव फिरोजपुर पहुंचे ताे वहां तड़के लगभग पौने चार बजे मस्जिद तिराहे के पास दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस को देख जब वह सकपका का भागने लगे तो पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। पकड़े गए दोनों आरोपितों ने अपने नाम वीरेंद्र प्रताप सिंह पुत्र विनय पाल सिंह निवासी फिरोजपुर थाना पुलभट्टा, अवधेश कुमार सिंह पुत्र स्वयंपाल सिंह निवासी फिरोजपुर थाना पुलभट्टा बताया है। पुलिस ने विरेंद्र प्रताप सिंह के पास से प्रतिबंधित 38 बोर का रिवाल्वर व 12 जिंदा कारतूस, अवधेश कुमार के पास से 12 बोर की पोनिया व एक कारतूस बरामद कर लिया।
वीरेंद्र के दादा को ब्रिटिश काल में मिला था रिवाल्वर
प्रतिबंधित 38 बोर रिवाल्वर ब्रिटिश काल का है। उस पर कंपनी के नाम के साथ 1947 की मोहर लगी हुई है। पूछताछ में वीरेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस को बताया कि उसके दादा ब्रिटिश फोर्स में अनुवादक की पोस्ट पर थे उस दौरान उनको यह रिवाल्वर सुरक्षा के लिए मिला था। आजादी के बाद से वह रिवाल्वर उनके ही पास है। पुलिस बरामद प्रतिबंधित बोर के रिवाल्वर की तस्दीक कराने में जुट गई है। एसओ विनोद जोशी ने कहा रिवाल्वर की पुलिस विशेषज्ञ के माध्यम से जांच करवाई जाएगी।