बेतालघाट ब्लॉक के बीस किसान लगाएंगे बांस निर्मित पालीहाउस, जिला मुख्यालय भेजी गई सूची
दस नाली से कम कृषि भूमि वाले किसानों के लिए यह योजना बनाई गई। बकायदा इसके लिए विशेष समिति का गठन भी किया गया। किसानों को उद्यान विभाग से बांस से बने पॉलीहाउस उपलब्ध कराए जाएं इसके लिए ब्लॉक स्तर पर प्रचार प्रसार किया गया।
जागरण संवाददाता, गरमपानी (नैनीताल) : उद्यान विभाग की छोटे किसानों के लिए बांस निर्मित पॉलीहाउस योजना के लिए बेतालघाट ब्लॉक से किसानों का चयन कर लिया गया है। बकायदा सूची तैयार कर जिला मुख्यालय को भेज दी गई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जल्द ही किसानों को लाभान्वित किया जाएगा। लगातार परेशानी से जूझ रहे किसानों के लिए उद्यान विभाग ने छोटी जोत के किसानों के लिए बांस निर्मित पॉलीहाउस उपलब्ध कराने की योजना तैयार की।
दस नाली से कम कृषि भूमि वाले किसानों के लिए यह योजना बनाई गई। बकायदा इसके लिए विशेष समिति का गठन भी किया गया। किसानों को उद्यान विभाग से बांस से बने पॉलीहाउस उपलब्ध कराए जाएं इसके लिए ब्लॉक स्तर पर प्रचार प्रसार किया गया। बेतालघाट के उद्यान विभाग के अधिकारियों ने आदेश मिलते ही किसानों से संपर्क साध कृषि भूमि चिन्हित कर खतौनी संबंधित कागजात भी जुटा लिए।योजना के तहत किसानों को महज प्रति पॉलीहाउस पच्चीस सौ रुपये का भुगतान करना है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार सूची तैयार भी कर ली गई है। योजना से बेतालघाट ब्लॉक के धारी, मझेड़ा,सिल्टोना, चौरसा, घुना डोबा आदि गांवो के करीब बीस किसानों का चयन किया गया है।
ऐसे किसानों को प्राथमिकता दी गई है जिनके पास दस नाली से कम भूमि है बकायदा सूची तैयार कर जिला मुख्यालय भी भेज दी गई है। ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक गिरीश वर्मा के अनुसार किसानों को लाभान्वित किए जाने को लेकर बांस निर्मित पॉलीहाउस योजना में बीस किसानों का चयन कर सूची मुख्यालय भेज दी गई है। जल्द ही किसानों को योजना से लाभान्वित किया जाएगा।