पिथौरागढ़ का मुख्य बाजार तीन दिन व गंगोलीहाट में सात दिन के लिए बंद रहेगा बाजार
माइक्रो कंटेनमेंट घोषित करने को लेकर गुरुवार को जिला मुख्यालय में बैठक हुई। प्रशासन ने पिथौरागढ़ मुख्य बाजार क्षेत्र को तीन दिन के लिए और गंगोलीहाट नगर पंचायत को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। अति आवश्यक सेवाओं को छोड़ सभी गतिविधियों इस अवधि में बंद रहेंगी।
जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़ : कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रशासन ने पिथौरागढ़ मुख्य बाजार क्षेत्र को तीन दिन के लिए और गंगोलीहाट नगर पंचायत को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। अति आवश्यक सेवाओं को छोड़ सभी गतिविधियों इस अवधि में बंद रहेंगी।
क्षेत्र को माइक्रो कंटेनमेंट घोषित करने को लेकर गुरुवार को जिला मुख्यालय में बैठक हुई। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एचसी पंत ने बताया कि नगर में सिल्थाम से गांधी चौक बाजार और नया बाजार क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। एक जनवरी से तीन जनवरी तक यह क्षेत्र आकस्मिक सेवाओं को छोड़कर आवाजाही व अन्य गतिविधियों के लिहाज से पूर्ण रूप से सील रहेगा। क्षेत्र में रहने वाले सभी लोगों के कोविड-19 सैंपल प्रशासन की देखरेख में लिए जाएंगे।
वहीं, गंगोलीहाट में भी बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए शुक्रवार से सात जनवरी तक के लिए नगर पंचायत क्षेत्र को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। इस दौरान नगर पंचायत क्षेत्रांतर्गत अतिआवश्यकीय सेवाओं, सरकारी/गैर सरकारी कार्यालयों को छोड़कर शेष सभी तरह की दुकान, होटल, प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। उपजिलाधिकारी भगत सिंह फोनिया ने स्वास्थ्य विभाग के अनुरोध पर गुरुवार की देर सायं आदेश जारी किया। व्यापारियों ने प्रशासन के सात दिन के बंद के निर्णय पर रोष जताया है।