एक माह में पहली बार पारा आया 29 डिग्री से नीचे
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के बाद मौसम में आए बदलाव ने तपती धरा का ठंडा कर दिया है।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी: पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के बाद मौसम में आए बदलाव ने तपती धरा को राहत पहुंचाने का काम किया है। हल्द्वानी में अधिकतम तापमान एक माह के न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया। बुधवार को हल्द्वानी का पारा 28.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले 16 मार्च को तापमान 28.4 डिग्री पहुंचा था। गुरुवार से बारिश का रुख कम होने के साथ तापमान में तेजी आने की संभावना है।
बुधवार सुबह शहर में हल्की बूंदाबांदी हुई। आसमान में दिनभर बादलों की आवाजाही रही। जिले के अन्य हिस्सों में रुक-रुककर हल्की बारिश हुई। जिसने लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाने का काम किया। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 10.6 डिग्री पहुंच गया। सामान्य के मुकाबले यह 12 डिग्री कम है। मौसम में आए बदलाव से हल्द्वानी का तापमान एक माह बाद 29 डिग्री से नीचे पहुंचा है। कहां कितना रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस)
स्टेशन अधिकतम न्यूनतम
हल्द्वानी 28.3 18.3
नैनीताल 14.8 11.0
मुक्तेश्वर 10.6 7.4 आज छाए रहेंगे बादल, बढ़ेगा तापमान
देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक गुरुवार को प्रदेश में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कुछ जगह हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि गुरुवार से तापमान बढ़ने लगेगा। नैनीताल में फिर जली अंगीठी और हीटर
जासं, नैनीताल : सरोवर नगरी में बुधवार दोपहर जमकर पानी बरसा। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने शहर का तापमान गिरा दिया, जिससे ठंड लौट आई। अरसे बाद शहरवासियों को दिन में फिर से अंगीठी व हीटर सेंकने को मजबूर होना पड़ा। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे बारिश शुरू हुई जो आधे घंटे तक जारी रही। इसके बाद शाम को पुन: हल्की बूंदाबांदी हुई, जो कुछ देर बाद ही रुक गई। जीआइसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 15 व न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता अधिकतम 85 व न्यूनतम 65 प्रतिशत दर्ज किया गया।