Nainital Weather Update : मार्च में फिर मौसम ने ली करवट, पांच डिग्री लुढ़का तापमान
Nainital Weather Update तराई-भाबर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। फरवरी अंतिम सप्ताह में बीते कई वर्षों के रिकॉर्ड तोडऩे वाली गर्मी से राहत मिलने के आसार नजर आ रह हैं। मार्च पहले सप्ताह में ही अधिकतम तापमान करीब पांच डिग्री तक लुढ़क गया है।
हल्द्वानी, जागरण संवाददाता : Nainital Weather Update : तराई-भाबर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। फरवरी अंतिम सप्ताह में बीते कई वर्षों के रिकॉर्ड तोडऩे वाली गर्मी से राहत मिलने के आसार नजर आ रह हैं। मार्च पहले सप्ताह में ही अधिकतम तापमान करीब पांच डिग्री तक लुढ़क गया है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो सात मार्च तक तापमान इसी तरह बदलेगा। सुबह और शाम को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। इसके बाद मौसम में फिर परिवर्तन हो सकता है।
मंगलवार को 4.8 डिग्री की गिरावट
मौसम के बदलते मिजाज का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्त किया गया। जबकि, फरवरी अंतिम सप्ताह के अंतिम दिन अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। यानी कि अधिकतम तापमान में 4.8 डिग्री की गिरावट आई है।
उमस से मिल सकती है रात
गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर के मौसम विज्ञानी आरके सिंह की मानें तो सात मार्च तक मौसम में थोड़ा ठंड रहेगी। बताया कि मंगलवार को हल्की ठंड और हवा चलने के कारण अधिकतम तापमान में कमी आई है जो कि आने वाले कुछ दिनों तक जारी रहेगी। इससे उमस और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। मंगलवार को हवा की रफ्तार 9.2 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।
इन जिलों में हो सकती है बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में बुधवार को कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश या हिमपात होने की संभावना है। चार और पांच मार्च को भी इन्हीं तीन जिलों में मौसम में परिवर्तन देखने को मिल सकता है। हल्की बारिश के अलावा अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश या हिमपात की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं कहीं विशेषकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने का भी यलो अलर्ट जारी किया है।
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें