अल्मोड़ा में घास काट रही किशोरी पर गिरा चट्टान, दर्दनाक मौत Almora News
अल्मोड़ा जिले के कल्टानी देवनौला गांव में घास काट रही किशोरी खाई में जा गिरी। फिसलन भरी चट्टान पर संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ।
अल्मोड़ा, जेएनएन : अल्मोड़ा जिले के कल्टानी देवनौला गांव में घास काट रही किशोरी खाई में जा गिरी। फिसलन भरी चट्टान पर संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। उसे गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय लाया गया, मगर वह दम तोड़ गई। किशोरी की मौत से गांव में कोहराम मच गया।
लमगड़ा विकासखंड की कल्टानी ग्राम पंचायत के शवाणी गांव निवासी हिमानी (16) पुत्री ललित राम आर्या शनिवार को गांव से कुछ दूर पहाड़ी की तरफ घास काटने गई थी। वह एक चट्टान की तरफ घास काट समेट रही थी। बारिश के कारण वहां काई जमा थी। इससे किशोरी का पांव फिसल गया और असंतुलित होकर करीब 30 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। शरीर के अंदरूनी हिस्सों के साथ ही सिर में गंभीर चोट पहुंचने से वह उठ न सकी।
आसपास घास काट रही अन्य महिलाओं ने गांव वालों को आवाज लगाकर बुलाया। हिमानी को नाजुक हालत में पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लमगड़ा ले जाया गया। हालत गंभीर देख उसे जिला चिकित्सालय लाया गया। मगर उसकी मौत हो चुकी थी। डॉ. उषा खाती ने बताया कि किशोरी को बचाने का भरसक प्रयास किया गया। ऊंचाई से गिरने के कारण शरीर के भीतरी हिस्सों में गंभीर चोट लगने से वह दम तोड़ गई। हिमानी दो भाइयों में इकलौती बेटी थी।
घर का पूरा काम संभालती थी
हिमानी घर पर चूल्हा चौका से लेकर खेतीबाड़ी व मवेशियों के लिए घास जुटाने तक सभी कामों में माता पिता का पूरा हाथ बंटाती थी। ग्रामीणों ने बताया कि घरेलू कार्यों की बड़ी जिम्मेदारी उसी ने उठाई थी। मगर घास काटने में अभ्यस्त हिमानी मात खा गई और चट्टान से गहरी खाई में गिरने से उसकी जान चली गई। मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाने वाला पिता ललित राम व उसकी मां का बुरा हाल है।