Nainital Coronavirus News Update : कुमाऊं में कोरोना का अचानक ग्राफ गिरना आश्चर्यजनक
कुमाऊं में दो अक्टूबर को अचानक संक्रमण दर एक प्रतिशत से कम होने पर लोग आश्चर्य में हैं। जबकि उसी दिन गढ़वाल मंडल में संक्रमण दर 9.7 प्रतिशत थी। इस तरह की स्थिति को लेकर लोग भ्रम में हैं।
हल्द्वानी, जेएनएन : कुमाऊं में दो अक्टूबर को अचानक संक्रमण दर एक प्रतिशत से कम होने पर लोग आश्चर्य में हैं। जबकि उसी दिन गढ़वाल मंडल में संक्रमण दर 9.7 प्रतिशत थी। इस तरह की स्थिति को लेकर लोग भ्रम में हैं।
कुमाऊं के छह जिलों में दो अक्टूबर को 2711 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट जारी हुई। इसमें से 19 लोग ही पॉजिटिव निकले। जबकि एक दिन पहले ही नैनीताल व ऊधमसिंह नगर में 100 से अधिक लोग संक्रमित पाए जा रहे थे। जबकि इसी दिन गढ़वाल में 3019 लोगों की जांच रिपोर्ट आई। इसमें से 292 लोग संक्रमित पाए गए हैं।
इस आधार पर कुमाऊं का संक्रमण दर 0.7 प्रतिशत हुआ और गढ़वाल का 9.7 प्रतिशत। जबकि तीन अक्टूबर को मरीजों की संख्या बढ़ गई। स्वास्थ्य विभाग की हेल्थ बुलेटिन का अध्ययन करने वाले अनूप नौटियाल का कहना है कि एक ही दिन में दो मंडलों के बीच कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में 14 गुना के अंतर आ गया। इस तरह के आंकड़ों की स्वास्थ्य विभाग को जांच करनी चाहिए।
तीन जिलों में एक भी मरीज नहीं
दो अक्टूबर को तीन जिले ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ व चम्पावत में एक भी मरीज पॉजिटिव नहीं मिला। जबकि ऊधमसिंह नगर में ही 1118 लोगों की जांच हुई थी।