नैनीताल और पिथौरागढ़ में भारी हिमपात, कुछ स्थानों पर आज बारिश के आसार
Nainital Weather News Update पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मंगलवार को मैदानी क्षेत्रों से लेकर पहाड़ तक बादल छाए रहे। अधिकतम तापमान में कमी आई है। हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 17.7 डिग्री व न्यूनतम 13.8 डिग्री दर्ज किया गया।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मंगलवार को मैदानी क्षेत्रों से लेकर पहाड़ तक बादल छाए रहे। अधिकतम तापमान में कमी आई है। हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 17.7 डिग्री व न्यूनतम 13.8 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम में आए बदलाव की वजह से सोमवार की अपेक्षा अधिकतम तापमान में छह डिग्री की कमी आई है। वहीं नैनीताल व पिथौरागढ़ में पिथौरागढ़ के मुनस्यारी, चंडाक, ध्वज, थलकेदार, सौरलेख, असुरचूला सहित कई स्थानों पर हिमपात हुआ है। पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड बढऩे से मुक्तेश्वर का न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री पहुंच गया है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि बुधवार को कुमाऊं मंडल के कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। ढाई हजार मीटर से ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हो सकता है। गुरुवार से बारिश का दौर थमेगा। मौसम साफ होने लगेगा।
प्रमुख स्थानों का न्यूनतम तापमान
हल्द्वानी 13.8 डिग्री
पंतनगर 9.9 डिग्री
मुक्तेश्वर 0.4 डिग्री
अल्मोड़ा 2.4 डिग्री
चम्पावत 0.6 डिग्री
पिथौरागढ़ 3.6 डिग्री
बागेश्वर 5.5 डिग्री
नैनीताल 4.0 डिग्री
नैनीताल में कड़ाके की ठंड
सरोवर नगरी में मंगलवार को पूरे दिन बादल छाए रहे। हालांकि दिन में हिमपात नहीं हुआ। लेकिन रात में हिमपात से चोटियां लकदक हो गईं। नैनीताल के ऊंचाई वाले इलाकों टिफिनटॉप, हिमालय दर्शन, स्नोव्यू आदि में बर्फबारी से पहाड़ियां चमक उठीं। शहर में भी रात बर्फबारी हुई। हालांकि शहर में कुछ ही समय में बर्फ पिघल गई। मौसम विज्ञान विभाग ने मंगल व बुधवार को हिमपात का पूर्वानुमान जताया था। जिस कारण छाए बादलों से हिमपात होने की संभावना बनी हुई थी, लेकिन देर शाम तक हिमपात नहीं हुआ। इस बीच नगर में कड़ाके की ठंड बरकरार रही। लोग ऊनी कपड़ों के साथ टोपी व मफलर में लिपटे रहे। दफ्तरों में कामकाज हीटर के सहारे चला। शाम के समय बाजारों में जल्द सन्नाटा छा गया। पिथौरागढ़ व बागेश्वर जिलों में भी जबरदस्त ठंड पड़ रही है।