बागेश्वर में 43 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर गिरफ्ततार, वाहन सीज
शनिवार को थानाध्यक्ष कैलाश सिंह बिष्ट द्वारा मय पुलिस टीम के साथ थाना क्षेत्रान्तर्गत शांति व्यवस्था/चैकिंग ड्यूटी के दौरान चीराबगड़ पुल के पास बोलेरो वाहन संख्या यूके-02-टीए-1663 को चैक किये जाने पर वाहन में सवार व्यक्ति मुन्ना सिंह के कब्जे से 43 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई
बागेश्वर, जेएनएन : कपकोट पुलिस ने 43 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज किया है, उसे अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने अवैध शराब/मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम हेतु समस्त थाना प्रभारियों को अभियान चलाकर तस्करी करने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई किये जाने के सम्बन्ध में निर्देशित किया गया है।
शनिवार को थानाध्यक्ष कैलाश सिंह बिष्ट द्वारा मय पुलिस टीम के साथ थाना क्षेत्रान्तर्गत शांति व्यवस्था/चैकिंग ड्यूटी के दौरान चीराबगड़ पुल के पास बोलेरो वाहन संख्या यूके-02-टीए-1663 को चैक किये जाने पर वाहन में सवार व्यक्ति मुन्ना सिंह के कब्जे से 43 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसके सम्बन्ध में मुन्ना सिंह के पास कोई भी कागजात/लाईसेंस नहीं था। अवैध शराब का परिवहन करने पर थानाध्यक्ष कपकोट द्वारा अभियुक्त मुन्ना सिंह को मौके से गिरफ्तार कर उक्त वाहन बोलेरो को सीज किया गया तथा थाना कपकोट में आरोपित के विरुद्ध धारा- 60/72 आबकारी अधिनियम का अभियोग पंजीकृत किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपित द्वारा बताया गया कि वह कपकोट से अवैध रूप से शराब लेकर, ग्रामीण क्षेत्र में फुटकर पर ऊंचे दामों में बेचने के लिये ले जा रहा था। पुलिस आरोपित को अदालत में पेश करेगी। थानाध्यक्ष कैलाश सिंह बिष्ट के अलावा आरक्षी ललित बोहरा, विजय चंद्र आदि शामिल थे। इधर एसपी ने कहा कि दीपावली पर्व पर नशाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। अराजक तत्वों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।