पूर्व छात्रनेता की हत्या की कोशिश करने के मामले में छह आरोपित गिरफ्तार
पूर्व छात्रनेता की हत्या की कोशिश करने के मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि एक अन्य आरोपित की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपित सोनू घनेला का कहना है कि वादी गौरव वानखेड़े उसे मारने की फिराक में था।
हल्द्वानी, जागरण संवाददाता : पूर्व छात्रनेता की हत्या की कोशिश करने के मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि एक अन्य आरोपित की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपित सोनू घनेला का कहना है कि वादी गौरव वानखेड़े उसे मारने की फिराक में था। ऐसे में अपनी जान बचाने के लिए गौरव को ही रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई थी। जिसमें गौरव के कमरे में ही उसे मारने का प्लान था।
एमबीपीजी कॉलेज के पूर्व छात्रनेता गौरव वानखेड़े ने बीती पांच फरवरी को जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस को दी तहरीर में वादी ने बताया कि वह कलावती कॉलोनी चौराहे के पास एक किराये के मकान में रह रहा था। पांच फरवरी की शाम सोनू घनेला, अक्कू ठाकुर, राहुल सौराड़ी व तीन अज्ञात लोगों ने घर के बाहर से करीब पांच राउंड फायरिंग की। हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गया। भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी प्रताप सिंह नगरकोटी मामले की जांच कर रहे थे। जिसमें सीसीटीवी फुटेज व जांच के आधार पर छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
एसएसपी कार्यालय परिसर में रविवार की शाम पांच बजे एसपी सिटी डा. जगदीश चंद्र, सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी ने मामले का पर्दाफाश किया। जिसमें आरोपित सोनू घनेला, राहुल सौराड़ी, गौरव नेगी, नमित तिवारी, रोहित कुमार, दीपू दरम्वाल आदि को गिरफ्तार किया गया है। घटना की जानकारी देते हुए आरोपितों के पास से बरामद रिवाल्वर व अवैध पिस्टल, दो खोखे के साथ प्रदर्शित की। गिरफ्तार आरोपितों पर धारा 147, 148, 149, 307, 504, 120 बी, आयुष अधिनियम धारा 25, 27 व 29 में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस टीम में एसओजी प्रभारी मनोज रतूड़ी, एसएसआई कैलाश नेगी, एसएसआई मंगल सिंह नेगी, प्रताप सिंह नगरकोटी, कविंद्र शर्मा, सतीश शर्मा, दीपक अरोड़ा, सनी तोमर, भानु प्रताप, चंदन नेगी आदि शामिल थे।
आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश
कोतवाली पुलिस हल्द्वानी ने फायरिंग की घटना में शामिल आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। जिसमें 24 वर्षीय सोनू घनेला उर्फ महेंद्र सिंह ग्राम पिठौली का है। वह इस समय आदर्श नगर, विवेक विहार में रहता है। दूसरा आरोपित राहुल सौराड़ी चम्पावत के ग्राम गूम वर्तमान में कलावती कॉलोनी में रह रहा था। गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर वसुंधरा कॉलोनी, नमित तिवारी तिकोनिया लोनिवि कंपाउंड, रोहित कुमार आर्या उर्फ जगुआर दमुआढूंगा, दीपू दरम्वाल बसंत बिहार का निवासी है। जबकि एक और आरोपित अरुण सुनार उर्फ नेपाली त्रिलोकनगर भोटिया पड़ाव की अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है।
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें