आदमखोर तेंदुए को ढेर करने के लिए दिन-रात कांबिंग कर रहे हैं शूटर सैय्यद अली
आदमखोर तेंदुए को ढेर के लिए शुक्रवार को मेरठ से शूटर सैय्यद अली अपनी टीम के साथ पहुंचे। तड़के पांच बजे से ही शूटर की टीम ने वन विभाग के अफसरों के साथ जंगल को निकल गयी। शूटर की टीम जंगलों की कांबिंग कर रही है।
हल्द्वानी, जेएनएन : आदमखोर तेंदुए को ढेर के लिए शुक्रवार को मेरठ से शूटर सैय्यद अली अपनी टीम के साथ पहुंचे। तड़के पांच बजे से ही शूटर की टीम ने वन विभाग के अफसरों के साथ जंगल को निकल गयी। दिन में फुट प्रिंट मिलने से रात में आदमखोर दिखने की संभावना पर शूटर की टीम जंगलों की कांबिंग करती रही।
फतेहपुर क्षेत्र में आठ लोगों पर हमला करने वाले तेंदुए को गुरुवार को चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन ने आदमखोर घोषित पकडऩे या मारने की अनुमति दे दी थी। यह अनुमति मिलते ही मेरठ से शूटर सैय्यद अली शुक्रवार की तड़के फतेहपुर पहुंच गए। पांच बजे से शूटर ने सहायक प्रथम विष्णोई, राव तलहा फरहत, इनाम मुस्तफा, रेंजर ख्याली राम आर्य, डिप्टी रेंजर किशोर गोस्वामी आदि वन कर्मियों के साथ फतेहपुर का जंगल देखा। उन्हें तेंदुए को फुट प्रिंट मिल गए हैं। इसके बाद वन विभाग के आठों कैमरों का स्थान भी बदल दिया गया है।
शूटर सैय्यद अली ने बताया कि कुछ दिन से लोगों का मूवमेंट जंगल में बढऩे से तेंदुए के नहीं दिखने की संभावना है। उसके रात में मूवमेंट करने की संभावना के मद्देनजर रात नौ बजे तीन सहायक व एक वन कर्मी को साथ लेकर सर्च अभियान शुरू किया गया। देर रात तक शूटर के नेतृत्व में टीम गुलदार को ढूंढने में लगी थी।
तेंदुए के व्यस्क होने की संभावना
वन विभाग को मिले फुट प्रिंट व हल्की फुटेज से उसके 10 साल से अधिक होने की संभावना जतायी जा रही है। वन विभाग के अफसरों ने बताया कि तेंदुआ की साफ तस्वीर सामने आते ही सही उम्र का पता चल जाएगा।