छात्रवृत्ति घोटाले मेें समाज कल्याण विभाग का वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गिरफ्तार, हड़पी 20 लाख की धनराशि
पुलिस क्षेत्राधिकारी के आदेश पर भीमताल पुलिस बुधवार को समाज कल्याण निदेशालय पहुंची। तत्कालीन पटल प्रभारी व वर्तमान में समाज कल्याण निदेशालय में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मोहन गिरी पुत्र अमर गिरी को गिरफ्तारी वारंट दिखाया गया। पुलिस ने आन ड्यूटी कर्मचारी को अपराह्न दो बजे गिरफ्तार कर लिया।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी/भीमताल : छात्रवृत्ति घोटाले में समाज कल्याण निदेशालय के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वर्ष, 2014-15 में 28 छात्रों के नाम पर विश्वविद्यालय ने 20 लाख से ज्यादा की धनराशि का गबन किया। जिसमें लालकुआं क्षेत्राधिकारी प्रमोद शाह मामले की जांच कर रहे हैं।
छात्रवृत्ति घोटाले में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी के आदेश पर भीमताल पुलिस बुधवार को समाज कल्याण निदेशालय पहुंची। तत्कालीन पटल प्रभारी व वर्तमान में समाज कल्याण निदेशालय में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मोहन गिरी पुत्र अमर गिरी को गिरफ्तारी वारंट दिखाया गया। निदेशालय कर्मचारियों की उपस्थिति में पुलिस ने आन ड्यूटी कर्मचारी को अपराह्न दो बजे गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष भीमताल रमेश सिंह बोरा ने बताया कि मामला वर्ष 2014-15 शिक्षा सत्र का है। उस समय मोनार्ड विश्वविद्यालय हापुड़ में 28 छात्रों को अध्ययनरत दिखाते हुए वर्ष 2014-2015 की छात्रवृति धनराशि 20 लाख 63 हजार 900 रुपये हड़पने का आरोप लगा।
तत्कालीन समाज कल्याण अधिकारी जगमोहन कफोला तथा मोनार्ड विश्व विद्यालय के रजिस्ट्रार तथा अन्य पदाधिकारियों पर सांठ-गांठ करने का आरोप है। उस समय आरोपित मोहन गिरी निदेशालय में ही पटल सहायक के पद पर थे। प्रकरण संज्ञान में आने पर यह मामला भीमताल थाने में 26 सितंबर 2019 को पंजीकृत किया गया था। जिसमें एसआईटी जांच के बाद मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रमोद शाह ने बताया कि तत्कालीन पटल सहायक को गिरफ्तार किया गया है। छात्रवृत्ति घोटाला सिर्फ उत्तराखंड में नहीं बल्कि अन्य कई राज्यों में भी फैला है। इसकी एसआइटी टीम जांच कर रही है। मामले में एक के बाद एक अफसर पकड़े जा रहे हैं। वहीं सैकड़ों संस्थान एसआइटी के रडार पर है। मामले की वृहद स्तर पर अभी जांच जारी है।
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें