रामनगर के कॉलेज में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में धांधली, प्रबंधक व चयनित अभ्यर्थी पर केस दर्ज
रामनगर के गोमती पूरन प्रसाद आर्य इंटर कॉलेज में 2015 में शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया सवालों के घेरे में आ गई है।
नैनीताल, जेएनएन : रामनगर के गोमती पूरन प्रसाद आर्य इंटर कॉलेज में 2015 में शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया सवालों के घेरे में आ गई है। हाई कोर्ट के आदेश पर इस मामले में पुलिस ने विद्यालय प्रबंधन, चयनित अभ्यर्थी व अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी, षड़़यंत्र व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
दरअसल 2015 में इस विद्यालय में शिक्षक पदों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हुई। प्रवक्ता राजनीति शास्त्र का पद महिला आरक्षित था। इसके लिए कई अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। विद्यालय प्रबंधन द्वारा नियुक्ति प्रक्रिया के बाद दमुवाढूंगा निवासी मंजू आर्या को नियुक्ति देने का निर्णय लिया। दूसरी अभ्यर्थी नैनीताल निवासी हेमा देवी ने प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप लगा आरटीआइ के माध्यम से जानकारी जुटाई। इससे पता चला कि मंजू आर्या को नियम विरुद्ध नियुक्ति दी गई है। हेमा का आरोप था कि कम अंक होने के बाद भी नियुक्ति दी गई। हेमा ने नियुक्ति प्रक्रिया को चुनौती देते हुए हाई कोर्ट में याचिका दायर की। कोर्ट ने प्रथम दृष्टïया गड़बड़ी मानते हुए मामला दर्ज करने के निर्देश दिए। गुरुवार को एसएसपी के आदेश पर मल्लीताल कोतवाल अशोक कुमार सिंह की ओर से विद्यालय प्रबंधन व चयनित मंजू आर्या समेत अन्य के खिलाफ धारा-420, 667, 668 व 471 के तहत मामला दर्ज कर दिया गया। कोतवाल के अनुसार आगे की कार्रवाई अदालत के निर्देशानुसार होगी।