पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा, कार्बेट नेशनल पार्क में चलेंगे इलेक्ट्रिक वाहन
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज रामनगर पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। देर रात देहरादून से पहुंचकर वह अपने शिवलालपुर स्थित आश्रम में रुके। सुबह महाराज से मिलने के लिए कार्यकर्ताओं व समर्थको की भीड़ उनके आश्रम में जुटी रही।
रामनगर, जागरण संवाददाता : पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज रामनगर पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। देर रात देहरादून से पहुंचकर वह अपने शिवलालपुर स्थित आश्रम में रुके। सुबह महाराज से मिलने के लिए कार्यकर्ताओं व समर्थको की भीड़ उनके आश्रम में जुटी रही। इसके बाद महाराज लोनिवि विश्राम गृह पहुंचे। जहां कार्यकर्ताओं ने उनका फूल माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने नगर मंडल, ग्रामीण मंडल, मालधन मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। कार्यकर्ताओं ने रामनगर में पर्यटन को बढ़ावा देने की मांग की।
महाराज ने इस दिशा में कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कार्बेट पार्क में इलेक्ट्रिक वाहन चलाये जाएंगे। इससे फ्यूल कम खर्च होगा, वहीं वन्यजीव भी डिस्टर्ब नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता का सम्मान होना चाहिए। बिना कार्यकर्ता के पार्टी संगठन कुछ नहीं है। इस दौरान विधायक दीवान सिंह बिष्ट, मनमोहन बिष्ट, निर्मला रावत, महिला आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष अमिता लोहनी, नगरध्यक्ष भावना भट्ट, वीरेंद्र रावत, बलदेव रावत, मनमोहन बिष्ट, नवीन करगेती मौजूद रहे।
विरोध को लेकर प्रशासन रहा आशंकित
किसान आंदोलन को लेकर प्रशासन पर्यटन मंत्री के विरोध को लेकर आशंकित रहा। लखनपुर चुंगी पर विरोध की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन सुबह से ही तैनात कर दिया गया था। लखनपुर चुंगी से आराम से पर्यटन मंत्री का काफिला निकलने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।