लखीमपुर घटना में रुद्रपुर निवासी किसान नेता तजिंदर सिंह विर्क गंभीर रूप से घायल
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर हल्ला बोल रैली में रुद्रपुर के कई किसान शनिवार को गाजीपुर के लिए रवाना हुए थे। इनमें रुद्रपुर निवासी तराई किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष तजिंदर सिंह विर्क भी शामिल थे। लखीमपुर में हुए बवाल में तजिंदर भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जागरण संवाददाता, रुद्रुपुर : संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर हल्ला बोल रैली में रुद्रपुर के कई किसान शनिवार को गाजीपुर बार्डर के लिए रवाना हुए थे। इनमें रुद्रपुर निवासी तराई किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष तजिंदर सिंह विर्क भी शामिल थे। लखीमपुर में हुए बवाल में तजिंदर भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बवाल की सूचना मिलने के बाद से ही तराई के किसानों में रोष है। वहीं घटना के बाद से स्थानीय प्रशासन भी अलर्ट मोड में आ गया है।
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव राज मौर्य के कार्यक्रम के दिन लखीमपुर के तिकोनिया, बनवारीपुर गांव में किसानों पर किसी बीजेपी नेता के वाहन चढ़ाने की खबर पर तराई के किसानों में आक्रोश है। घटना में दो किसानों समेत पांच लोगों की मौत और कुछ किसानों घायल होने की खबर सामने आ रही है। रुद्रपुर, लोक विहार कालोनी निवासी एवं तराई किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष तजिंदर सिंह विर्क भी शनिवार को रवाना हुए थे। लखीमपुर में घटना के दौरान उन्हें भी गंभीर रूप से चोट आई है।
तराई किसान संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष सलविंदर सिंह कलसी ने बताया कि तजिंदर गंभीर रूप से घायल हैं। लखीमपुर में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बरेली में एडमिट कराया जाएगा। यहां से किसानों का एक जत्था उनसे मुलाकात करने के लिए बरेली के लिए रवाना हुए हैं। इधर आल इंडिया केंद्रीय श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष तरविंदर सिंह मारवाह ने घटना को बेहद निंदनीय बताया।
कहा कि लखीमपुर जिले के निघासन शहर में किसान भाई अपनी मांगों को लेकर विरोध कर रहे थे लेकिन भाजपा सरकार के मंत्री के बेटे ने किसानों के ऊपर गोलियां चला दीं। जिसमें तीन किसानों के नौजवान बेटे मारे गए और कई किसानों की हालत गंभीर है। जिसमें मुख्य तराई किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजिंदर सिंह विर्क की हालत बहुत गंभीर है। सरदार वीर सिंह व पूरा संगठन पदाधिकारी भाजपा सरकार की घोर निंदा करते हैं। कहा कि तत्काल हम लखीमपुर को कूच कर रहे हैं और सब के साथ खड़े होकर बदला लेकर रहेंगे।