छड़ा खैरना के बाद अब लोहाली गांव में उठे जलागम के कार्यों पर सवाल
ग्राम पंचायत छड़ा खैरना में जलागम विभाग के कार्यों पर सवाल उठने के बाद अब लोहाली ग्राम पंचायत में भी आरटीआई कार्यकर्ता ने जलागम विभाग के कार्यों को कटघरे में खड़ा कर दिया है। कहा कि लगभग साठ लाख रुपये से अधिक के कार्यो में बड़ी अनियमितता बरती गई है।
गरमपानी, जेएनएन : ग्राम पंचायत छड़ा खैरना में जलागम विभाग के कार्यों पर सवाल उठने के बाद अब लोहाली ग्राम पंचायत में भी आरटीआई कार्यकर्ता ने जलागम विभाग के कार्यों को कटघरे में खड़ा कर दिया है। कहा कि लगभग साठ लाख रुपये से अधिक के कार्यो में बड़ी अनियमितता बरती गई है। लाखो रुपये के कार्य कागजो में ही दर्शाए गए है ।
हमेशा से चर्चाओं में रहने वाले जलागम विभाग पर अब लोहाली ग्राम पंचायत के आरटीआई कार्यकर्ता ने सवाल खड़े कर दिए हैं। पूर्व में ग्राम पंचायत छडा़ खैरना में सूचना के अधिकार पर मिली जानकारी के आधार पर स्थानीय व्यक्ति ने तीस लाख रुपये से अधिक के कार्य कागजो में ही कराए जाने का आरोप लगाया था। अब बेतालघाट ब्लॉक के लोहाली ग्राम पंचायत के त्रिभुवन सिंह बिष्ट ने जलागम विभाग के कार्यों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कहा है उन्होंने सूचना के अधिकार से योजनाओं की जानकारी मांगी। जिसमें हैरान कर देने वाला खुलासा हुआ।
करीब साठ लाख रुपये से अधिक के कार्यों पर भारी अनियमितता बरती गई है। कहा कि लाखों के कार्य कागजों में ही दर्शाए गए हैं। जब गांव में जानकारी जुटाई गई तो कार्य धरातल पर हुए ही नहीं है। त्रिभुवन ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई है। कहा कि जलागम विभाग के अधिकारियों ने 30 नवंबर को स्थलीय निरीक्षण का आश्वासन दिया था पर अब विभागीय अधिकारियों फोन तक नहीं उठा रहे हैं।