सुबह 10 बजे से आने लगेंगे पार्षदों के परिणाम, मेयर के नतीजे रात आठ बजे तक !
रविवार को होने वाले मतदान के परिणाम 20 नवंबर को घोषित होंगे। निर्वाचन विभाग ने मतगणना की रूपरेखा तय कर दी है। मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू होगी।
हल्द्वानी, जेएनएन : रविवार को होने वाले मतदान के परिणाम 20 नवंबर को घोषित होंगे। निर्वाचन विभाग ने मतगणना की रूपरेखा तय कर दी है। मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू होगी। पार्षदों के परिणाम पूर्वाह्न दस बजे से आने शुरू हो जाएंगे। जबकि मेयर के परिणाम रात के आठ बजे तक आने की उम्मीद है।
कुमाऊं की सबसे बड़ी हल्द्वानी सीट के मतों की गणना के लिए चार पंडाल में 14-14 टेबल (कुल 56) लगेंगी। कुल छह चक्रों में गणना होगी। आरओ डॉ. धनपत कुमार ने बताया कि पार्षद की मतगणना बूथ व मेयर की मतगणना वार्ड वार होगी। हर चक्र में दस से 12 वार्ड लिए जाएंगे। ऐसे में एक पंडाल में औसतन तीन वार्ड के मतों की गिनती होगी। मतगणना से पहले पार्षद व मेयर के मतपत्रों को अलग करते हुए 50-50 के बंडल बनाए जाएंगे। ऐसे में एक चक्र की गणना पूरी होते ही दस से 12 वार्ड के पार्षद तय हो जाएंगे। मतगणना वार्ड एक से शुरू होगी।
मीडिया सेंटर से जारी होंगे परिणाम
मतगणना स्थल पर मीडिया सेंटर भी बनाया जाएगा। चक्रवार आने वाले परिणामों को निर्वाचन विभाग की टीम मीडिया सेंटर तक लाएगी। इसके लिए वाणिज्य, अर्थशास्त्र, विज्ञान के 24 प्रवक्ताओं को लगाया गया है। मीडिया कर्मियों को परिणाम मीडिया सेंटर से जारी होंगे। उप निदेशक सूचना योगेश मिश्रा ने शनिवार को मीडिया सेंटर में कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया।
यह भी पढ़ें : राम मंदिर को लेकर साध्वी ऋतंभरा का फिर बड़ा बयान, जानएि क्या बाेलीं