सरोवर नगरी में फिर शुरू गई बारिश, गर्मी के मौसम में अचानक बढ़ी ठंड ने लोगों के होश उड़ाए
सरोवर नगरी में सोमवार तक सुहावना बना मौसम मंगलवार को पलटी मार गया। एकाएक ठंड की वापसी ने लोगों को दिन में गर्म कपड़े पहनने को मजबूर कर दिया।
नैनीताल, जेएनएन : सरोवर नगरी में मंगलवार को खराब हुआ मौसम बुधवार को भी रह रह कर बरसता रहा। इस कारण अचानक ठंड की वापसी ने लोगों को दिन में गर्म कपड़े पहनने को मजबूर कर दिया। हल्की बारिस रुक-रुककर सरोवर नगरी का दामन भिगोती रही, जिससे तापमान में गिरावट आ गई। मंगलवार को शहर का तापमान अधिकतम तापमान 19 व न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दो दिन पहले अधिकतम तापमान 27 डिग्री था।
नगर में रात से ही घने बादल आसमान में डेरा डाले हुए थे। सुबह तेज हवा के साथ आंधी चलने लगी, जिससे झील में लहरें उफान पर आ गईं। यह देख नौकाचालकों ने नौकाएं वापस स्टैंड की तरफ मोड़ दी। बारिश के कारण नौकायन ठप रहा। फिलहाल रुक-रुककर बारिश हो रही है। जिससे ठंड बढ़ गई है। इससे बचने के लिए लोगों को गर्म कपड़े निकालने पड़ गए। वहीं नगर भ्रमण पर आए सैलानियों को गर्म कपड़े खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ा। जीआइसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 19 व न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आद्र्रता अधिकतम 80 व न्यूनतम 60 प्रतिशत रही।
कार्बन कणों की अधिकता ने बढ़ी ठंड
जितनी प्रचंड गर्मी पड़ेगी, उतनी ही भीषण ठंड भी होगी। तेजी से बढ़ता वायु प्रदूषण इसका मुख्य कारण है। यह कहना है आर्यभटट् प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान के वायु मंडलीय वैज्ञानिक डॉ. नरेंद्र सिंह का। सरोवर नगरी के अचानक बदले मौसम के मिजाज को देखते हुए उन्होंने बताया कि वायु प्रदूषण के चलते वातावरण में कार्बन की मात्रा काफी बढ़ गई है और कार्बन के कण सूर्य के प्रकाश में गर्म हो जाते हैं, जिससे गर्मी का आभास बढ़ जाता हैै। इसके विपरीत बारिश में यही कण ठंडे हो जाते हैं, जिससे ठंड का एहसास सामान्य रू प से कहीं अधिक बढ़ जाता है। कार्बन की अधिकता के चलते भविष्य में भी मौसम का मिजाज ऐसा ही देखने को मिलेगा। लिहाजा वायु प्रदूषण पर नियंत्रण पाने की सख्त जरूरत है।