विकास कार्यों की प्रगति रिर्पोट हर माह राजभवन को उपलब्ध कराएं : राज्यपाल
राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने जिलाधिकारी नैनीताल से जिले में हो रहे विकास कार्यों की प्रगति रिर्पोट प्रत्येक माह राजभवन को उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। राज्यपाल ने महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बिक्री के लिए स्थान उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।
नैनीताल, जेएनएन : राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने जिलाधिकारी नैनीताल से जिले में हो रहे विकास कार्यों की प्रगति रिर्पोट प्रत्येक माह राजभवन को उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। राज्यपाल ने डीएम को नैनीताल व कुमाऊं मण्डल के अन्य जनपदों के महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बिक्री के लिए स्थान उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने होम स्टे पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाने को कहा है।
राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने बुधवार को राजभवन नैनीताल में विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने होम स्टे योजना, यातायात प्रबंधन, महिला स्वयं सहायता समूहों की स्थिति, वनाग्नि की स्थिति और नशाखोरी को रोकने के लिये किये जा रहे कार्यों की प्रगति जानी। माल रोड निर्माण काे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि मार्च 2021 तक कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में 2020 लास्ट तक 5000 होम स्टे विकसित करने के लक्ष्य के सापेक्ष कुमाऊं मण्डल में 2275 होम स्टे विकसित का लक्ष्य है। अभी तक 1017 होम स्टे पंजीकृत किए जा चुके हैं, 85 होम स्टे के पंजीकरण की प्रक्रिया गतिमान है। राज्यपाल ने कहा कि होम स्टे पंजीकरण में आ रही बाधाओं का त्वरित निस्तारण किया जाए। लोगों को इसके लिए तहसील तथा मुख्यालय तक न आना पडे़। भूमि सम्बन्धित मामलों में लेखपाल व पटवारी इसमें सक्रिय भूमिका निभाए। बैंकों से उचित समन्वय बनाकर होम स्टे के लिए ऋण की प्रक्रिया को भी सरल बनाया जाए।
राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने पार्किंग की स्थिति को गम्भीरता से लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए की सभी महत्वपूर्ण पर्यटक स्थलों के मार्ग निर्माण का कार्य मार्च 2020 तक पूर्ण कर लिया जाए। प्राइवेट पार्किंग को भी प्रोत्साहित किया जाए लेकिन पार्किंग का शुल्क प्रशासन द्वारा निर्धारित किया जाए । सम्बन्धित अधिकारियों ने जानकारी दी की पर्यटक स्थलों के मार्गों के निर्माण का 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। आगामी 15 नवम्बर तक 85 प्रतिशत तक कार्य पूर्ण हो जाएगा।
राज्यपाल ने टीबी सैनिटोरियम भवाली की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की। राज्यपाल ने सुझाव दिया कि सैनिटोरियम का रिनोवेशन करवाकर इसे पीपीपी मोड पर संचालित किया जा सकता है। राज्यपाल इस सम्बन्ध में शासन स्तर पर वार्ता करेंगी। नशाखोरी पर प्रभावी रोकथाम हेतु कार्य करने के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि नैनीताल जिले के गहना गांव को को माॅडल विलेज के रूप में विकसित किया जा रहा है। राज्यपाल दिसम्बर में गांव का निरीक्षण करेंगी।
बैठक के बाद राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने राजभवन नैनीताल के पास निहाल नाले का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर आयुक्त कुमाऊ अरविन्द सिंह ह्यांकि, आईजी कुमाऊँ अजय रौतेला, जिलाधिकारी सविन बंसल, एसएसपी सुनील कुमार मीणा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. भागीरथी जोशी, ईई जल संस्थान संतोष उपाध्याय, आदि उपस्थित रहे।