उत्तराखंड के एसआइ रमेश चंद्र भट्ट को राष्ट्रपति पुलिस पदक, बेदाग छवि व उत्कृष्ट सेवा के लिए मिला सम्मान
President Police Medal टनकपुर थाने में तैनात एसआइ विशेष श्रेणी रमेश चंद्र भट्ट का चयन किया गया है। उन्हें यह पुरस्कार उनकी बेदाग सर्विस व उत्कृष्ट कार्यों के लिए दिया जा रहा है। उन्हें राज्यपाल द्वारा भी सराहनीय सेवा सम्मान से नवाजा जाएगा।
जागरण संवाददाता, चम्पावत : गणतंत्र दिवस (Republic Day 2022) पर चम्पावत के एसआइ को राष्ट्रपति पुलिस पदक (President Police Medal) देकर सम्मानित करेंगे। एसआइ की इस उपलब्धि ने जनपद ही नहीं प्रदेश का भी नाम रोशन किया है। इसके अलावा पांच अन्य पुलिस कर्मियों को राज्यपाल द्वारा पुलिस पदक देकर सम्मानित किया जाएगा।
राष्ट्रपति द्वारा प्रत्येक वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक (President Police Medal) तथा सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया जाता है। साथ ही राज्य में भी राज्यपाल द्वारा सेवा के आधार पर एवं विशिष्ट कार्य करने के लिए राज्यपाल उत्कृष्ट सेवा पदक एवं उत्कृष्ट/सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न से सम्मानित किया जाता है। इन दोनों पुरस्कारों के लिए जनपद के छह पुलिस कर्मियों का चयन किया गया है।
राष्ट्रपति द्वारा दिए जाने वाले पुलिस पदक के लिए टनकपुर थाने में तैनात एसआइ विशेष श्रेणी रमेश चंद्र भट्ट का चयन किया गया है। उन्हें यह पुरस्कार उनकी बेदाग सर्विस व उत्कृष्ट कार्यों के लिए दिया जा रहा है। उन्हें राज्यपाल द्वारा भी सराहनीय सेवा सम्मान से नवाजा जाएगा। इनके अलावा जनपद के पांच अन्य पुलिस कर्मी सीओ अशोक कुमार, प्रभारी साइबर सेल एसआइ सुरेंद्र सिंह खड़ायत, एसआइ जयपाल सिंह, सर्विलांस सेल के कांस्टेबल भुवन पांडेय व कांस्टेबल शाकिर अली को को राज्यपाल सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा। गणतंत्र दिवस पर डीजीपी अशोक कुमार द्वारा इन पांच पुलिस कर्मियों को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह दिया जाएगा। इनकी इस उपलब्धि पर एसपी देवेंद्र पींचा ने बधाई दिया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।