एमबी कॉलेज से चुनाव सामग्रियों के साथ मतदान कर्मियों को किया गया रवाना
निर्वाचन विभाग ने निकाय चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। आज (शनिवार) सुबह आठ बजे से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया।
हल्द्वानी, जेएनएन : निर्वाचन विभाग ने निकाय चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। आज (शनिवार) सुबह आठ बजे से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। इस दौरान एमबी कॉलेज के परिसर में काफी गहमा गहमी का माहौल रहा। सबसे पहले नैनीताल नगरपालिका की पोलिंग पार्टी को चुनाव सामग्री के साथ रवाना किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी वीके सुमन ने दूरस्थ निकायों की मतदान पार्टियों को पहले रवाना करने को कहा था। एमबी इंटर कॉलेज स्थित निर्वाचन कार्यालय में चुनाव सामग्री के वितरण के लिए तीन काउंटर बनाए गए हैं। जिले की सात निकायों के 366 मतदान स्थलों के लिए इतनी ही पोलिंग पार्टियां रवाना की जा रही हैं। एडीएम हरबीर सिंह ने बताया कि सबसे पहले नैनीताल, भवाली, भीमताल की पोलिंग पार्टी रवाना होंगी। इसके बाद रामनगर, कालाढूंगी, लालकुआं की पोलिंग पार्टियां निकलेंगी। हल्द्वानी नगर निगम की पोलिंग पार्टियों को आखिरी में सामग्री वितरित होगी।
रवानगी से पहले कर्मियों ने किया मतदान
बूथों पर रवानगी से पहले मतदान कर्मियों ने खुद मत का प्रयोग किया। मतदान कर्मियों ने अपने पसंदीदा पत्याशी को वोट कर बैलेट बाक्स में कैद किया।
156 प्राइवेट वाहनों का अधिग्रहण
चुनाव के लिए 156 प्राइवेट वाहनों का अधिग्रहण किया गया है। 80 बसों, 25 मैक्स (कुल 105 वाहन) से पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी, जबकि 12 बसें और 25 मैक्स वाहन पुलिस प्रशासन को दी गई हैं। प्रभारी अधिकारी यातायात डॉ. गुरुदेव सिंह ने बताया कि 15 स्कूली बसों के अलावा केमू रामनगर, बाजपुर, चोरगलिया यूनियन की बसों को अधिगृहीत किया गया है। 14 बसें रिजर्व रखी गई हैं। 18 नवंबर को पोलिंग पार्टियां के लौटते ही वाहनों को छोड़ दिया जाएगा।
फर्स्ट एड किट रहेगी उपलब्ध
मतदान केंद्र में प्राथमिक उपचार किट उपलब्ध रहेगी। इसमें बुखार, दर्द, जुकाम, एलर्जी, पेट दर्द, दस्त, उल्टी, पानी की कमी, चोट, कटने आदि पर उपयोगी दवाएं शामिल हैं।
806 कार्मिकों ने लिया प्रशिक्षण
पीठासीन अधिकारियों के दूसरे चरण का प्रशिक्षण शुक्रवार को भी जारी रहा। सरगम सिनेमा हाल में चले प्रशिक्षण में 806 पीठासीन अधिकारियों व मतदान सहायकों ने प्रशिक्षण लिया। जिला निर्वाचन अधिकारी वीके सुमन ने कहा 'युद्ध में अपना खून बहाने से अच्छा है कि युद्ध से पूर्व अभ्यास में पसीना बहा लिया जाए।'
यह भी पढ़ें : प्रचार थमने के बाद आज घर-घर दस्तक देंगे प्रत्याशी, कल बैलेट बॉक्स में बंद होगा भविष्य