हल्द्वानी में सड़क के गढ्डों में पौधे रोप जताया आक्रोश
हल्द्वानी की सड़कों के गड्ढों में भरे पानी में शनिवार को युवक कांग्रेस ने धान रोप ध्यान खींचने का प्रयास किया।
जासं, हल्द्वानी : मूलभूत समस्याओं के समाधान को लेकर लोग मुखर होने लगे हैं। सड़क भी इनमें से एक है। जगह-जगह सड़क उधड़ी पड़ी हैं। आएदिन सड़कों में बने गड्ढों की चपेट में आकर खासकर दोपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते हैं। इसके बावजूद शासन-प्रशासन के कान में जूं नहीं रेंगती। इस कदर उपेक्षा से त्रस्त लोग अब आंदोलन के मूड में हैं। धरना-प्रदर्शन से इतर अब विरोध के नए तरीके अपनाए जा रहे हैं। युवक कांग्रेस ने शनिवार को शासन-प्रशासन का ध्यान खींचने के लिए सड़क के गड्ढों में भरे पानी में धान के पौधे रोप डाले। विरोध के इस अनूठे तरीके से एक बार फिर समस्या समाधान की मांग करते हुए सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई है।
युवक काग्रेस कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी की सड़कों की दुर्दशा के विरोध में प्रदेश उपाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह प्रिंस के नेतृत्व में बांबे हॉस्पिटल आवास विकास रोड के सामने गड्ढों में पौधे रोपकर आक्रोश जताया। गुरप्रीत ने कहा कि पूरे महानगर की सड़कों की हालत जर्जर है। सड़कों पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। इसके बावजूद प्रशासन और जिम्मेदार विभाग मूकदर्शक बना है। जिला महासचिव बालम नौला व विधानसभा अध्यक्ष त्रिलोक सिंह कठायत ने कहा कि भाजपा सरकार को आमजन की तकलीफ से किसी प्रकार का सरोकार नहीं है। प्रदेश सचिव राजू रावत व सलीम सिद्दीकी ने कहा कि जनता की अनदेखी भाजपा को आने वाले चुनाव में महंगी पड़ेगी। इस दौरान जीवन सिंह बिष्ट, हेमंत कुमार सूरज, हíषत भट्ट, हíषत जोशी, राज बिष्ट मुन्ना, हिमाशु भट्ट, हनी बिष्ट, सुरेश किरौला, रुपेश गोस्वामी आदि मौजूद थे।